)
राजस्थान में कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और जयपुर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम आदमी, व्यापारी और परिवार सुरक्षित नहीं हैं. जयपुर में 40 से ज्यादा गैंग सक्रिय हैं और हत्या, चोरी, डकैती, गैंगवार तथा वसूली जैसी घटनाएं खुलेआम हो रही हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जवाब मांगा.
राजस्थान में अपराध बढ़ने का आरोप, पुलिस पर भी उठाए सवाल
खाचरियावास ने कहा कि जेलों में बैठे अपराधी भी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है. आम आदमी थानों में जाने से डरता है और पत्रकारों के साथ भी पुलिस का व्यवहार ठीक नहीं है.
उन्होंने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए राजस्थान में अपराध और दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश अपराध के मामले में देश में शीर्ष पर पहुंच गया है और जयपुर गुंडों के हवाले हो चुका है. कांग्रेस नेता ने पुलिस पर अपराधियों के साथ बैठकर प्रॉपर्टी का काम करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहती है तो कांग्रेस राज्यपाल से मुलाकात करेगी और सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी.
जयपुर की सफाई व्यवस्था और सड़कों की हालत पर निशाना
कांग्रेस नेता ने जयपुर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चौपट बताते हुए कहा कि दिवाली के सात दिन बाद भी शहर में कचरा नहीं उठाया गया. सड़कों की हालत खराब है और स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं. उन्होंने झोटवाड़ा में एक गरीब बुजुर्ग महिला का मकान सीज किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आम लोगों के साथ खुलेआम गुंडागर्दी कर रही है.
रात 11:30 बजे के बाद भी चल रहे क्लब, प्रशासन पर सवाल
खाचरियावास ने जयपुर के क्लबों के देर रात तक संचालित होने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से निर्धारित रात 11:30 बजे की समय सीमा का पालन नहीं हो रहा है. इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है.
राजस्थान में कानून व्यवस्था पूरी तरह दम तोड़ चुकी है। प्रदेश में अब कानून का राज नहीं, बल्कि गुंडों, बदमाशों और अपराधियों का राज चल रहा है दिनदहाड़े सरेआम हत्या करके अपराधी बेखौफ फरार हो जाते हैं। अपराधियों के मन में न पुलिस का डर है और न कानून का खौफ। राजस्थान में व्यापारी सुरक्षित नहीं, आम आदमी सुरक्षित नहीं, महिलाएं सुरक्षित नहीं और आम परिवार अपने घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं गृह मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, फिर भी प्रदेश की कानून व्यवस्था लगातार बदतर होती जा रही है। मुख्यमंत्री बताएं कि आखिर राजस्थान में अपराधियों को खुली छूट किसने दे रखी है? क्या सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है? क्या पुलिस प्रशासन अपराधियों के सामने बेबस हो गया है? कभी जेलों से अपराधियों के वीडियो वायरल होते हैं, कभी जेलों में मोबाइल फोन बरामद होते हैं और कभी सरेआम हत्या, लूट, चोरी और फायरिंग की घटनाएं होती हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार केवल झूठे प्रचार, भ्रष्टाचार और सत्ता के अहंकार में मस्त है। जनता की जान-माल की सुरक्षा से सरकार का कोई लेना-देना नहीं रह गया है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि जब कोई आम आदमी अपनी फरियाद लेकर पुलिस थाने पहुंचता है तो कई जगह उसकी शिकायत सुनने के बजाय उसे डराया-धमकाया जाता है। पुलिसकर्मी ऊंची आवाज में बात करते हैं, गाली-गलौज और बदसलूकी करते हैं तथा फरियादी को थाने से बाहर निकाल देते हैं। जब आम आदमी को थाने में ही न्याय और सम्मान नहीं मिलेगा तो वह अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करेगा? #jaipur #rajasthan #congress #civil_lines @RajCMO
— Pratap Khachariyawas (@PSKhachariyawas) November 12, 2026
UGC रोलबैक आंदोलन में गिरफ्तारियों पर उठाए सवाल
UGC रोलबैक आंदोलन के दौरान महिपाल सिंह मकराना सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी पर भी खाचरियावास ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि UGC रोलबैक के मुद्दे पर SC-ST, OBC और सामान्य वर्ग एकजुट हैं, लेकिन सरकार आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है. उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर सभी वर्गों के लोग एक साथ खड़े हैं और सरकार को उनकी आवाज सुननी चाहिए.
कांग्रेस की बाड़ेबंदी को लेकर भाजपा पर पलटवार
कांग्रेस नेताओं की बाड़ेबंदी को लेकर खाचरियावास ने आरोप लगाया कि भाजपा जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को पुष्कर ले गई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस के कैंप में पुलिस ने जबरन घुसने या नेताओं को उठाने की कोशिश की तो कांग्रेस इसका मुंहतोड़ जवाब देगी.
सोनिया गांधी की किताब और भाजपा नेताओं पर भी साधा निशाना
सोनिया गांधी की किताब को लेकर खाचरियावास ने कहा कि सरकार किताब से डर जाती है. वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मंत्री जवाहर सिंह बेढम पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दोनों मूल मुद्दों पर जवाब देने के बजाय उल्टी बातें करते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा कार्यालय में हवन और पूजा-पाठ की जरूरत है. साथ ही भाजपा नेताओं के मानसिक संतुलन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी को मेडिकल कैंप लगाकर अपने नेताओं का मानसिक संतुलन चेक करवाना चाहिए.
सरकार को कानून व्यवस्था और जनता की सुरक्षा पर घेरा
खाचरियावास ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था, सफाई व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए लेकिन भाजपा सरकार इन बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है. उन्होंने सरकार से अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने और आम जनता की समस्याओं का समाधान करने की मांग की.