)
चुनाव मैदान में 82 वार्डों में 241 प्रत्याशी
पंचायतीराज आम चुनाव अब चौथे और अंतिम चरण में पहुंच गए हैं. जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों आंधी, बस्सी, जमवारामगढ़ और तूंगा में 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा. इस चरण में 4 लाख 7 हजार 280 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. चारों पंचायत समितियों के 82 वार्डों में 241 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. मतदान के लिए 446 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. वहीं, जिला परिषद के 13 वार्डों में भी मतदान होगा. चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से 13 नवंबर को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल रवाना होंगे. जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मतदान दलों की रवानगी, प्रशिक्षण और निर्वाचन सामग्री वितरण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया है. मतदान में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम की कमिशनिंग भी पूरी कर ली गई है. मतदान दलों को ईवीएम, बैलेट पेपर और अन्य निर्वाचन सामग्री की पूरी जांच के बाद ही रवाना किया जाए.
बस्सी में सबसे कड़ा मुकाबला: 25 वार्डों से 79 उम्मीदवार मैदान में
जयपुर जिले में चौथे चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सबसे अधिक चुनावी मुकाबला बस्सी में देखने को मिलेगा. यहां 25 वार्डों में 79 प्रत्याशी मैदान में हैं. तूंगा में 15 वार्डों के लिए 48 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. जमवारामगढ़ में 23 वार्डों के लिए 64 और आंधी में 19 वार्डों के लिए 50 प्रत्याशी मैदान में हैं. इस तरह अंतिम मुकाबले में 241 प्रत्याशी रह गए. चौथे चरण के चुनावी आंकड़ों का विश्लेषण करें तो 82 पंचायत समिति वार्डों में औसतन करीब तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. चौथे चरण में कुल 4,07,280 मतदाताओं के लिए 446 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इस लिहाज से एक मतदान केंद्र पर औसतन 913 मतदाता हैं. चौथे चरण में ग्रामीण मतदाताओं को अलग-अलग पदों के लिए मतदान करना होगा. 14 नवंबर को EVM से जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य चुने जाएंगे. इसके बाद 15 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन होंगे. 16 नवंबर को 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच-वार्डपंच के लिए बैलेट पेपर से सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा. अगले दिन 17 नवंबर को उपसरपंच का निर्वाचन कराया जाएगा.
बहरहाल, पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में अब जयपुर जिले के चार लाख से ज्यादा मतदाताओं की बारी है. चार पंचायत समितियों के 82 वार्डों में 241 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा. प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं. अब देखना होगा कि अंतिम चरण में ग्रामीण मतदाता कितना उत्साह दिखाते हैं और किसके सिर जीत का सेहरा सजाते हैं.