)
जयपुर में मौलाना वकार अली और 18 साल की युवती के निकाह का मामला अब युवती की मर्जी और सुरक्षा को लेकर चर्चा में है. निकाह के बाद युवती ने एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है. उसने खुद को बालिग बताते हुए कहा कि उसने पूरे होशोहवास में अपनी मर्जी से वकार इमाम के साथ निकाह किया है. युवती ने किसी तरह के दबाव, जोर-जबरदस्ती या ब्लैकमेलिंग से इनकार किया है. वहीं, युवती के पिता ने जी न्यूज से बातचीत में इस मामले को लेकर अपनी नाराजगी जताई और मदरसे में इस तरह की घटना होने पर सवाल उठाए.
'मैं वकार इमाम को लंबे समय से जानती हूं'
वीडियो में युवती ने कहा कि वह वकार इमाम को लंबे समय से जानती है और उन्हें अच्छा व इंसाफ पसंद इंसान मानती है. उसने बताया कि वकार इमाम की पहले भी शादियां हो चुकी हैं. युवती के मुताबिक, इस बारे में उसकी उनकी पहले से शादीशुदा पत्नियों से भी बातचीत हुई है और उन्हें इस रिश्ते से कोई एतराज नहीं है. युवती ने कहा कि वह वकार इमाम के साथ रहना चाहती है और निकाह का फैसला उसने अपनी मर्जी से लिया है.
परिवार के विरोध और कार्रवाई की जताई आशंका
युवती ने वीडियो बनाने की वजह बताते हुए कहा कि जब वह अपने घर में निकाह की बात बताएगी, तो संभव है कि परिवार इस फैसले को पसंद न करे. उसे आशंका है कि समाज और खानदान के दबाव में आकर वकार इमाम के खिलाफ गलत कदम उठाए जा सकते हैं या उन पर झूठे आरोप लगाए जा सकते हैं. इसी वजह से उसने वीडियो में स्पष्ट किया कि उसे न तो ब्लैकमेल किया गया और न ही उस पर कोई दबाव बनाया गया. उसने कहा कि वह अपने फैसले से खुश है और निकाह में उसकी पूरी सहमति है.
युवती के पिता ने मदरसे में निकाह पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, युवती के पिता ने जी न्यूज से बातचीत में कहा कि उन्हें निकाह से ज्यादा इस बात पर आपत्ति है कि ऐसा मामला मदरसे से जुड़ा है. उन्होंने कहा, "मदरसे में बच्चे पढ़ने आते हैं. खासकर लड़कियां भी वहां पढ़ती हैं. ऐसे में अगर उनके साथ इस तरह की घटना होती है, तो यह समाज के साथ धोखा है."
उन्होंने यह भी कहा कि अगर निकाह करना है तो इसके लिए मदरसे को जगह नहीं बनाना चाहिए. पिता ने कहा कि वे गलत का साथ नहीं देंगे, चाहे ऐसा करने वाला कोई भी हो. उनके मुताबिक, मदरसे में पढ़ने आने वाले बच्चों और लड़कियों के भरोसे का ध्यान रखा जाना चाहिए.
समाज की सोच पर भी युवती ने उठाए सवाल
युवती ने अपने वीडियो में समाज की सोच पर भी सवाल उठाए. उसने कहा कि जब कोई शादीशुदा व्यक्ति अपनी ख्वाहिश पूरी करने के लिए गलत रास्ता अपनाता है, तब लोग उस पर सवाल नहीं उठाते. लेकिन जब कोई व्यक्ति निकाह के जरिए किसी महिला को अपने साथ रखना चाहता है, तो समाज के लोग एतराज करने लगते हैं. उसने लोगों से दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने व्यवहार पर भी ध्यान देने की बात कही.
अपनी सुरक्षा को लेकर भी कही बात
वीडियो के आखिर में युवती ने कहा कि अगर आगे चलकर उसके साथ कोई हादसा होता है, तो इसके लिए वकार इमाम जिम्मेदार नहीं होंगे. उसने दोहराया कि निकाह से जुड़े फैसले में उसकी पूरी रजामंदी है. युवती ने यह भी दावा किया कि उसने यह वीडियो अपने घर से बनाया है. उसने अपनी पहचान सार्वजनिक न करने की अपील की है, इसलिए खबर में उसका नाम नहीं दिया जा रहा है.