)
गांधी परिवार के भीतर रिश्तों और सत्ता संघर्ष की कहानियां हमेशा चर्चा में रही हैं. अब सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love में एक ऐसा प्रसंग सामने आया है, जो संजय गांधी की मौत के बाद गांधी परिवार के भीतर बढ़ते तनाव की कहानी को नए सिरे से सामने रखता है. ये कहानी है वरुण गांधी के पहले जन्मदिन की, जिसका आयोजन इंदिरा गांधी की इच्छा के विपरीत वसुंधरा राजे के घर पर हुआ था.
सोनिया गांधी के मुताबिक, मार्च 1981 में जब वरुण गांधी का पहला जन्मदिन करीब आया, तब इंदिरा गांधी ने सुझाव दिया था कि मेनका गांधी के कुछ दोस्तों और उनके बच्चों के साथ घर पर एक छोटा-सा आयोजन किया जाए. लेकिन मेनका ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया. बाद में इंदिरा गांधी को पता चला कि वरुण के जन्मदिन की पार्टी वास्तव में आयोजित हुई थी, लेकिन गांधी परिवार के घर पर नहीं, बल्कि वसुंधरा राजे के घर पर.
ये भी पढ़ें : वसुंधरा को मानते थे बेटी, अटल-आडवाणी के साथ अटूट रिश्ता : अंदर की वो बातें जो भैरों सिंह शेखावत के बारे में शायद ही कोई जानता हो
वसुंधरा राजे के घर पार्टी, इंदिरा गांधी को लगा झटका
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वसुंधरा राजे का परिचय ग्वालियर की राजमाता की बेटी, आरएसएस की समर्थक और इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी के रूप में दिया है. सोनिया के अनुसार, जन्मदिन की पार्टी का आयोजन वसुंधरा राजे के घर पर होना इंदिरा गांधी को चोट पहुंचाने के इरादे से किया गया था. ये प्रसंग उस समय के राजनीतिक माहौल को भी दर्शाता है, जब संजय गांधी की मृत्यु के बाद मेनका गांधी की राजनीतिक भूमिका और उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज थीं. सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी मेनका को तत्काल राजनीतिक नेतृत्व देने के पक्ष में नहीं थीं और उन्हें लगता था कि मेनका अभी बहुत युवा हैं और उन्हें अपने छोटे बच्चे पर ध्यान देना चाहिए.
ये भी पढ़ें : Explainer : क्या राजपूत-मुस्लिम गठजोड़ खत्म करेगा मिर्धा, मदेरणा और बेनीवाल का दबदबा ?
जन्मदिन की पार्टी के पीछे क्या था राजनीतिक संदेश ?
सोनिया गांधी के संस्मरण में ये घटना महज एक पारिवारिक जन्मदिन समारोह नहीं, बल्कि उस दौर के राजनीतिक रिश्तों और मतभेदों से जुड़ी दिखाई देती है. इंदिरा गांधी के लिए वसुंधरा राजे के घर पर पार्टी होना सिर्फ आयोजन स्थल का बदलाव नहीं था, बल्कि राजनीतिक विरोधियों के साथ मेनका की निकटता का संकेत भी माना गया. हालांकि, सोनिया गांधी ने इस घटना को अपने दृष्टिकोण से बताया गया है. किताब में जन्मदिन पार्टी को इंदिरा गांधी को चोट पहुंचाने की कोशिश बताने वाला दावा सोनिया गांधी का है.
संजय गांधी की मृत्यु के बाद शुरू हुआ ये पारिवारिक तनाव आगे चलकर मेनका गांधी के गांधी परिवार से अलग होने और उनकी स्वतंत्र राजनीतिक यात्रा की पृष्ठभूमि बना था. वरुण गांधी के पहले जन्मदिन से जुड़ा ये किस्सा आज भी गांधी परिवार के भीतर उस दौर के रिश्तों, राजनीति और टकराव की कहानी का एक दिलचस्प अध्याय है.