App

पंचायत चुनाव के बाद बीजेपी की 'बाड़ाबंदी': प्रशिक्षण का दिया नाम, मदन राठौड़ बोले- शहर जैसी सुविधाएं अब गांव तक पहुंचेंगी!

राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे होने के बाद बीजेपी सहित अन्य दलों ने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी है. मदन राठौड़ ने इसे प्रशिक्षण बताया. उन्होंने सोनिया गांधी की पुस्तक और खड़गे के ईद वाले बयान पर भी प्रतिक्रिया दी.

पंचायत चुनाव के बाद बीजेपी की 'बाड़ाबंदी': प्रशिक्षण का दिया नाम, मदन राठौड़ बोले- शहर जैसी सुविधाएं अब गांव तक पहुंचेंगी!
Image Credit: Madan Rathore

राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे होने के बाद अब राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी है. दीपोत्सव के बाद बीजेपी सहित अन्य पार्टियों ने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी है. हालांकि, भाजपा इसे बाड़ाबंदी के बजाय प्रशिक्षण बता रही है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी की परंपरा रही है कि जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जाए. उन्हें पार्टी के संकल्प पत्र और गांवों के विकास से जुड़ी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाती है.

मदन राठौड़ बोले- जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देना जरूरी
मदन राठौड़ ने कहा कि बीजेपी की परंपरा रही है कि जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जाए. पार्टी की ओर से जारी संकल्प पत्र के बारे में उन्हें जानकारी दी जाती है. उन्होंने कहा कि शहरों में मिलने वाली सुविधाएं गांवों तक कैसे पहुंचें, इसके लिए जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षित करना जरूरी है.

पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे होने के बाद बीजेपी सहित अन्य दलों की ओर से प्रत्याशियों को साथ रखने की तैयारी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. बीजेपी इसे प्रशिक्षण का हिस्सा बता रही है.

सोनिया गांधी की पुस्तक पर संजय गांधी को लेकर दिया बयान
मदन राठौड़ ने सोनिया गांधी की पुस्तक में आपातकाल के दौरान संजय गांधी की भूमिका के जिक्र पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जब तक संजय गांधी जीवित थे, तब तक इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी उनकी व्यवस्था के अनुसार चलते थे. ऐसे में उनके निधन के बाद उनकी आलोचना करना सही नहीं है.

राठौड़ ने आपातकाल को लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी के शासनकाल में लोकतंत्र की हत्या हुई और युवाओं की जबरन नसबंदी कराई गई. उन्होंने यह भी कहा कि भारत माता की जय बोलने वालों को जेल में बंद किया गया था.

राठौड़ के मुताबिक, इन घटनाओं की जिम्मेदारी सिर्फ एक व्यक्ति पर डालकर तत्कालीन प्रधानमंत्री को नहीं बचाया जा सकता. उन्होंने कहा कि अगर सरकार परोक्ष रूप से कोई दूसरा व्यक्ति चला रहा था, तो इससे इंदिरा गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल खड़े होते हैं.

खड़गे के ईद वाले बयान पर भी साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिवाली और ईद को लेकर दिए गए बयान पर भी मदन राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि खड़गे की बातों में उनकी बढ़ती उम्र का असर दिखाई दे रहा है. राठौड़ ने आरोप लगाया कि खड़गे कभी देश के प्रधानमंत्री के पिता को लेकर टिप्पणी करते हैं, तो कभी दिवाली की तुलना ईद से करते हैं. उन्होंने कहा कि हर त्योहार का हर समाज में अपना अलग महत्व होता है. किसी एक समाज को खुश करने के लिए इस तरह की बयानबाजी करना उचित नहीं है. राठौड़ ने खड़गे के परिवार से जुड़ी पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए भी उन पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि खड़गे को उन घटनाओं को याद रखना चाहिए, जिनमें उनके परिवार को यातनाएं झेलनी पड़ी थीं. इसके बावजूद इस तरह की बयानबाजी करना उचित नहीं है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Sharma

Vishnu Sharma

विष्णु शर्मा जी मीडिया राजस्थान में कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ITV Network के चैनलों—India News, India News Rajasthan और NewsX—के साथ की, जहां पॉलिटिक्स बीट पर काम किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान की राजनीति को करीब से कवर किया और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव हासिल किया। विष्णु शर्मा विधानसभा और लोकसभा चुनाव कवर कर चुके हैं। चुनावों के दौरान उन्होंने राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में जाकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।फिलहाल विष्णु शर्मा Zee News के साथ काम कर रहे हैं और राजस्थान की राजनीति से जुड़ी खबरों को कवर कर रहे हैं।
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो