)
टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने एक्टर और मॉडल समरीन कौर से न्यूजीलैंड में सगाई कर ली है. अर्शदीप सिंह और समरीन कौर ने 11 नवंबर 2026 को अपनी सगाई की घोषणा की और सोशल मीडिया पर फैंस को इसकी जानकारी दी है. अर्शदीप सिंह और समरीन कौर ने न्यूजीलैंड में हुए इस प्रपोजल की तस्वीरें शेयर की हैं. समरीन कौर ने अर्शदीप सिंह द्वारा उनकी उंगली में अंगूठी पहनाने की तस्वीरें पोस्ट कीं, साथ ही अपने भविष्य को लेकर एक दिल छू लेने वाला संदेश भी लिखा.
अर्शदीप सिंह और समरीन कौर की सगाई के बाद हर कोई उनकी मंगेतर के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं.समरीन कौर जम्मू-कश्मीर की एक एक्ट्रेस, मॉडल और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी हैं. उन्हें पहली बार पहचान तब मिली जब वह 'फेमिना मिस इंडिया 2018' प्रतियोगिता में फाइनलिस्ट बनीं, जहां उन्होंने जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व किया था. इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से उन्हें काफी पहचान मिली और मॉडलिंग तथा मनोरंजन उद्योग में उनके लिए नए अवसर खुले.
अर्शदीप सिंह की मंगेतर समरीन कौर बेहद ग्लैमरस हैं और इंस्टाग्राम पर उनके करोड़ों फॉलोअर्स हैं. पिछले कुछ वर्षों में, समरीन कौर ने फिल्मों, वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियो में काम किया है. उनके अभिनय प्रोजेक्ट्स में बॉलीवुड फिल्म '83', ZEE5 की सीरीज 'नेल पॉलिश' और पंजाबी फिल्म 'सरदार जी 2' शामिल हैं. वह गुरु रंधावा, बादशाह और जुबिन नौटियाल जैसे मशहूर गायकों के कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं. अपने प्रोफेशनल काम के अलावा, समरीन कौर सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं, जहां वह अक्सर अपने काम, फैशन और यात्राओं से जुड़ी तस्वीरें और अपडेट्स साझा करती हैं. उन्होंने अपने मॉडलिंग प्रोजेक्ट्स और मनोरंजन उद्योग में अपने काम के जरिए धीरे-धीरे काफी फॉलोअर्स बना लिए हैं.
समरीन कौर और अर्शदीप सिंह के रिश्ते का खुलासा जुलाई 2026 में हुआ. अर्शदीप सिंह ने तब इंस्टाग्राम पर उनके साथ दो तस्वीरें शेयर कीं और कैप्शन लिखा, 'माई पर्सन'. इससे पहले, IPL 2026 के दौरान उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं, जब समरीन कौर को कई IPL मैचों में पंजाब किंग्स टीम को सपोर्ट करते हुए देखा गया था. दोनों के साथ समय बिताने की तस्वीरों और वीडियो ने इन अटकलों को और हवा दे दी.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI मैच के दौरान, अर्शदीप सिंह ने अपना एक खास विकेट सेलिब्रेशन समरीन को समर्पित किया और उनके रिश्ते के बारे में बात भी की. उन्होंने बताया कि वे अक्सर एक-दूसरे का मूड अच्छा करने के लिए ये डांस मूव्स किया करते थे. अब इस कपल ने न्यूजीलैंड में सगाई करके अपने रिश्ते को एक कदम और आगे बढ़ा लिया है. बता दें कि IPL 2027 से पहले अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस (MI) की टीम ने पंजाब किंग्स (PBKS) से ट्रेड के जरिए हासिल कर लिया है.