)
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के किशोर नगर में शाम के समय चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. इसमें पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गई. दोनों को डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. हमलावर घटना के बाद फरार हो गया. वारदात के पीछे किसका हाथ है, यह अभी साफ नहीं हुआ है. पुलिस पति के बयानों और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान पूजा के रूप में हुई है. जबकि घायल पति अजय बाकोरे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी. उनका 8 साल का एक बेटा भी है. बताया यह भी जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच मनमुटाव के चलते दोनों करीब ढाई महीने से अलग रह रहे थे.
बता दें कि अजय अपने बेटे के साथ रहता था. जबकि पूजा किशोर नगर में रह रही थी. गुरुवार की शाम करीब 5 बजे अजय अपनी पत्नी को तलाशते हुए पहली बार उसके घर पहुंचा था. इसी दौरान घर में चाकूबाजी की वारदात की घटना सामने आई. हालांकि, हमला किसने किया और इसकी वजह क्या थी. इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है.
सिटी एसपी अभिनव बारंगे का कहना है कि डायल 100 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पूजा और अजय नाम के पति-पत्नी चाकू लगने से घायल मिले. दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान पूजा की मौत हो गई, जबकि अजय का जिला अस्पताल में इलाज जारी है.
ये भी पढ़ेंः दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर मंडराया खतरा? बम से उड़ाने की धमकी HC को मिली, संदिग्ध को UP ATS ने दबोचा
एसपी ने बताया कि पुलिस फिलहाल अजय के बयान दर्ज कर रही है. चूंकि वह खुद भी घायल है, इसलिए उससे सावधानीपूर्वक पूछताछ की जाएगी. घटना से जुड़े सभी तथ्यों और बयानों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, अजय फूलों की दुकान लगाकर दिहाड़ी का काम करता है.
(रिपोर्टः प्रमोद सिन्हा, खंडवा)