)
राजधानी जयपुर में बुधवार रात हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बदमाशों ने पहले उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को कैमपर से टक्कर मारकर रोका. इसके बाद उन्हें घेरकर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. महज पांच मिनट में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
कैमपर से टक्कर मारकर फॉर्च्यूनर को रोका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जोबनेर थाना क्षेत्र के रहने वाले विजय बाजिया बुधवार रात करीब 8 बजे जोबनेर से जयपुर आ रहे थे. इसी दौरान करधनी थाना क्षेत्र के जगदम्बा नगर में कैमपर सवार 4 से 6 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने पहले उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को कैमपर से टक्कर मारी. अचानक हुए हमले के बाद विजय ने बचने के लिए गाड़ी दौड़ाई, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर गाड़ी रुकवा ली.
गाड़ी से उतरते ही कुल्हाड़ी से किया हमला
बताया जा रहा है कि विजय जैसे ही गाड़ी से उतरकर भागने लगे, बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. इसके बाद कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ वार किए. हमले में गंभीर रूप से घायल विजय की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैमपर में बैठकर फरार हो गए. इस पूरी घटना में करीब पांच मिनट लगे. वारदात के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया, जो सामने आया है.
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष के बदमाश काफी दिनों से विजय का पीछा कर रहे थे. बुधवार रात जब विजय जयपुर आ रहे थे, तब आरोपियों ने उनकी गाड़ी को ट्रैक किया और मौका मिलते ही हमला कर दिया.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हत्या की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी भिजवा दिया. आरोपियों की तलाश में इलाके में नाकाबंदी करवाई गई है. वहीं, पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.