App

पूर्व MLA कंवरलाल मीणा की बेटी भारती मीणा की राजनीति में एंट्री, जनपद सदस्य के लिए भरा आवेदन

Bharti Meena: झालावाड़ के अकलेरा में पंचायत चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा की 22 वर्षीय बेटी डॉ. भारती मीणा ने जनपद सदस्य पद के लिए मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया को आवेदन सौंपा है. अकलेरा पंचायत समिति में प्रधान पद ST महिला के लिए आरक्षित होने के कारण उनके संभावित प्रधान पद की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि, फिलहाल उन्होंने केवल जनपद सदस्य के लिए आवेदन किया है और प्रधान पद को लेकर कोई आधिकारिक दावा सामने नहीं आया है.

पूर्व MLA कंवरलाल मीणा की बेटी भारती मीणा की राजनीति में एंट्री, जनपद सदस्य के लिए भरा आवेदन
Image Credit: Aklera Panchayat Election

Aklera Panchayat Election: झालावाड़ जिले में पंचायत राज चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. अकलेरा क्षेत्र में पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा की 22 वर्षीय बेटी डॉ. भारती मीणा के चुनावी मैदान में उतरने की चर्चा ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है. डॉ. भारती मीणा ने मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया के कार्यालय पहुंचकर जनपद सदस्य पद के लिए अपना आवेदन सौंपा.

आवेदन के दौरान उनके भाई डॉ. भरत मीणा भी समर्थकों के साथ मौजूद रहे. डॉ. भारती मीणा के आवेदन के बाद उनके समर्थकों में उत्साह देखा गया और क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं.

ST महिला के लिए आरक्षित है प्रधान पद
अकलेरा पंचायत समिति में प्रधान पद ST महिला के लिए आरक्षित है. ऐसे में डॉ. भारती मीणा के जनपद सदस्य पद के लिए आवेदन करने के बाद राजनीतिक चर्चाओं में यह सवाल उठ रहा है कि क्या वह आगे चलकर प्रधान पद की दौड़ में भी शामिल हो सकती हैं. हालांकि, अभी तक डॉ. भारती मीणा की ओर से प्रधान पद के लिए कोई दावा या आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. फिलहाल उनका आवेदन जनपद सदस्य पद के लिए ही है. पार्टी की ओर से टिकट वितरण और चुनाव परिणाम के बाद ही प्रधान पद को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी.

22 साल की उम्र में सियासी एंट्री
डॉ. भारती मीणा की उम्र महज 22 वर्ष है. हाल ही में अकलेरा नगरपालिका में भी 22 वर्षीय यांशिका मेवाड़ा के अध्यक्ष बनने के बाद क्षेत्र में युवा चेहरों की राजनीति में भूमिका को लेकर चर्चा बढ़ी है. अब डॉ. भारती मीणा के चुनावी आवेदन ने इन चर्चाओं को और बढ़ा दिया है.

कंवरलाल मीणा की सियासी विरासत
डॉ. भारती मीणा के पिता और पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा क्षेत्र के प्रभावशाली भाजपा नेता रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती रही है. कंवरलाल मीणा फिलहाल सक्रिय राजनीति से दूर हैं. 15 दिन की पैरोल अवधि पूरी होने के बाद उन्हें वापस जेल जाना पड़ा. ऐसे समय में उनकी बेटी का पंचायत चुनाव के लिए आवेदन करना क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है. अब निगाहें पार्टी के टिकट वितरण पर टिकी हैं. इसके बाद चुनाव परिणाम और प्रधान पद के लिए होने वाले समीकरण से तस्वीर और स्पष्ट होगी. फिलहाल डॉ. भारती मीणा के आवेदन ने अकलेरा की पंचायत चुनावी सियासत में चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More