)
झारखंड में मौसम का मिजाज अब पूरी तरह बदलने लगा है. राज्य में लगभग ठंड की शुरुआत भी हो चुकी है. सुबह और शाम के वक्त चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण लोगों को अच्छी-खासी सिहरन महसूस होने लगी है, हालांकि दिन के समय खिली हुई धूप निकल रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से राज्य के तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड में लगातार इजाफा होगा.
मौसम विभाग के अनुसार, साहिबगंज , गोड्डा , पाकुड़, दुमका, देवघर , जामताड़ा, सरायकेला खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में 12 नवंबर तक बारिश होने के आसार है. वहीं, अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. राज्य में आज के तापमान की बात करें, तो राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
लातेहार, गुमला, और खूंटी जैसे जिलों में रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो रही है, जहां न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है. लातेहार राज्य का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
वहीं, रामगढ़ और सिमडेगा में भी न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. हजारीबाग और लोहरदगा में न्यूनतम पारा 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में तापमान अधिक दर्ज किया जा रहा है. गोड्डा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
इसके अलावा, देवघर, धनबाद, दुमका और जामताड़ा जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है.
पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 3 से 5 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में लगातार 1 से 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है. सुबह के समय हल्का कोहरा छाने से गर्म कपड़ों की जरूरत भी महसूस हो रही है.