App

परिसीमन पर JMM किसका साथ देगी? हेमंत सोरेन के सांसद ने बता दिया

परिसीमन बिल और महिला आरक्षण को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है. JMM सांसद महुआ माजी ने अध्ययन के बाद फैसले की बात कही है, जबकि कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है.

परिसीमन पर JMM किसका साथ देगी? हेमंत सोरेन के सांसद ने बता दिया
Image Credit: Jharkhand Politics (AI Image)

धीरज ठाकुर/रांची: देश की सियासत में इन दिनों गठबंधन और सियासी समीकरणों को लेकर हलचल तेज हो गई है. एक तरफ INDIA गठबंधन के भीतर तालमेल और नेतृत्व को लेकर मंथन जारी है, तो दूसरी तरफ शरद पवार की भूमिका पर भी सबकी निगाहें टिकी हैं. यूपी में 2027 के चुनाव से पहले अखिलेश यादव और ओवैसी के संभावित गठजोड़ की चर्चाओं ने सियासी पारा और बढ़ा दिया है. वहीं, संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे ने विपक्षी एकजुटता की असली परीक्षा शुरू कर दी है. 

इसी मुद्दे पर झारखंड की सियासी तस्वीर भी दिलचस्प हो गई है. कांग्रेस परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर खुलकर विरोध कर रही है, बीजेपी इसी मुद्दे पर कांग्रेस को घेर रही है, जबकि JMM ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। पार्टी का कहना है कि वह बिल का अध्ययन और विशेषज्ञों की राय के बाद ही कोई फैसला लेगी.

JMM का रुख अभी साफ नहीं, बिल के अध्ययन के बाद होगा फैसला

परिसीमन बिल को लेकर JMM सांसदों की बैठक में ड्राफ्ट के अध्ययन और विशेषज्ञों की राय लेने पर चर्चा हुई. बैठक में सांसदों का मानना था कि अगर समान अनुपात में सीटें बढ़ती हैं, तो इसका विरोध नहीं किया जाएगा. इस मुद्दे पर JMM सांसद महुआ माजी ने साफ किया कि पार्टी ने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है. उन्होंने कहा कि बिल का बारीकी से अध्ययन किया जाएगा और विशेषज्ञों से राय लेने में समय लगेगा. इसके बाद राज्य के हित में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार पार्टी अपना फैसला लेगी.

कांग्रेस ने उठाए SC-ST सीटों और दक्षिण के राज्यों से भेदभाव के सवाल

वहीं, कांग्रेस ने इस मुद्दे पर केंद्र की नीति पर सवाल खड़े किए हैं. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि परिसीमन और महिला आरक्षण के नाम पर बुलाए गए विशेष सत्र के पीछे की राजनीति और रणनीति को सभी समझते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ अखंड भारत की बात की जाती है और दूसरी तरफ दक्षिण के राज्यों के साथ भेदभाव दिखाई दे रहा है. शाहदेव ने यह आशंका भी जताई कि इससे SC और ST सीटों की संख्या कम हो सकती है, जबकि झारखंड में लंबे समय से इन सीटों को कम न करने की मांग उठ रही है. हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि JMM समेत झारखंड के दल राज्य का अहित नहीं होने देंगे और उचित फैसला लेंगे.

BJP का पलटवार, आदिवासियों की सीटें न घटने का दावा

दूसरी तरफ, BJP ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए JMM के पुराने रुख का हवाला दिया. BJP के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने कहा कि JMM ने पहले भी राष्ट्रपति चुनाव जैसे मौकों पर राष्ट्र और आदिवासी हित में फैसला लिया है. उन्होंने दावा किया कि आदिवासियों की सीटें नहीं घटेंगी, यह तय है. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वर्णवाल ने कहा कि कांग्रेस ने कई बार महिला आरक्षण का वादा किया, लेकिन मौका आने पर हमेशा विरोध किया। अगर वह अब भी विरोध करती है, तो उसे आधी आबादी की विरोधी माना जाएगा.

इस तरह परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर झारखंड में तीनों प्रमुख दलों के अलग-अलग रुख सामने आए हैं.  कांग्रेस ने विरोध जताया है, बीजेपी ने महिला आरक्षण के समर्थन में कांग्रेस को घेरा है, जबकि JMM ने विधेयक के प्रावधानों और राज्य पर उसके संभावित असर का अध्ययन करने के बाद फैसला लेने की बात कही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More