)
सीएम योगी परिसीमन विधेयक महिला आरक्षण/लखनऊ: परिसीमन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुशी जताई है. उन्होंने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया है. सीएम ने कहा कि इस कदम से 2029 के लोकसभा चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने का रास्ता खुल जाएगा. इसके लागू होने पर संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने की व्यवस्था जमीन पर उतर सकेगी.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पास हो चुका है. अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद लोकसभा और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का रास्ता साफ हुआ है. प्रस्ताव के अनुसार 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा.
राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात बरकरार रखा जाएगा और उसी अनुपात में सीटें बढ़ाई जाएंगी. इससे संसद में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी कम नहीं होगी.
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि महिला आरक्षण को शुरुआत में 15 सालों के लिए लागू करने का प्रावधान है. इसके साथ ही सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया चुनाव आयोग के जरिए आगे बढ़ेगी. उन्होंने इसे देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ऐतिहासिक और स्वागत योग्य कदम बताया.
मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी सांसद नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता साफ करने में अपना योगदान दें. सीएम ने कहा कि नारी शक्ति का सशक्तीकरण ही समृद्ध भारत के निर्माण की बुनियाद है. यह आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का सुनहरा मौका है. ऐसे में सभी जनप्रतिनिधियों को इस अहम पहल में अपना समर्थन और सहयोग देना चाहिए.