)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (29 नवंबर) को मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को संबोधित किया और देश के युवाओं को एक खास संदेश दिया. पीएम मोदी ने इस दौरान नशे की समस्या पर चर्चा की और इसको युवाओं के भविष्य के लिए चुनौती करार दिया.
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि युवाओं के सपनों के सामने ड्रग्स (नशा) एक बड़ी चुनौती बन गई है. हालांकि, इस दौरान पीएम ने नशे के खिलाफ समाज में बढ़ती सक्रियता और जोरों से चल रहे 'नशा मुक्त युवा अभियान' पर खुशी जाहिर की. मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने नशीले पदार्थों की समस्या का पहला विषय रखा.
इस दौरान पीएम ने कहा कि 'मन की बात' समाज के हर वर्ग, देश के हर हिस्से की उपलब्धियों को सामने लाने का मंच है और इसमें हम समाज के सामने मौजूद चुनौतियों की बात करते हैं, लोगों को जागरूक भी करते हैं. आज 'मन की बात' में मैं सबसे पहले ऐसा ही एक विषय उठा रहा हूं और वो है 'ड्रग्स' यानि 'नशे की लत'.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में भारत के युवाओं की प्रतिभा की कितनी चर्चा हो रही है. हमारे युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं और उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान से जुटे हैं, लेकिन युवाओं के इन सपनों के सामने नशा एक बड़ी चुनौती बन गई है.
वहीं, पीएम ने नशे के विरुद्ध चल रहे सामाजिक अभियान और अलग-अलग मुहिम पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि 'नशा मुक्त युवा अभियान' भी जोरों पर चल रहा है. ऐसे कितने ही प्रेरक उदाहरण हमारे सामने आ रहे हैं, जहां युवाओं ने अपनी इच्छा-शक्ति से नशे की लत को हराया है. वे कठिन से कठिन परिस्थितियों से लड़ाई लड़करक बाहर निकले हैं. वे खुद से लड़े हैं और अपने जीवन को एक नई दिशा दी है.
Addressing the 140th Episode of Mann Ki Baat, Prime Minister Narendra Modi says, "...Drugs and substance abuse have emerged as a major challenge to the dreams of our youth. I am pleased to see that, across the country, society is becoming increasingly active in the fight against drug abuse. The 'Drug-Free Youth Campaign' ('Nasha Mukt Yuva Abhiyan') is also in full swing..."
— ANI (@ANI) November 29, 2026
इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने एक युवा साथी से बात की और कहा कि दोस्त, मैं आपको फिर से बहुत बधाई दूंगा कि आप ड्रग्स की इस भयानक लत से बाहर निकले. आपने दिखाया है कि जब इच्छाशक्ति हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रह जाता है."
इस युवा से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आपकी बातें सुनकर ऐसे अनेक युवाओं को शक्ति मिलेगी, जो ड्रग्स की लत को छोड़ना चाहते हैं. परिवार के लिए, देश के लिए बहुत जरूरी है कि उसकी युवा-पीढ़ी ड्रग्स से बची रहे. आपको मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं. (इनपुट- आईएएनएस)