App

सावधान! आपकी जेब पर पड़ने वाली है मार, वित्त मंत्रालय ने दी महंगाई बढ़ने की चेतावनी

त्योहारी सीजन के साथ ही शुरू हुए शादियों के सीजन में बढ़ती डिमांड से महंगाई बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है. फाइनेंस मिनिस्ट्री की हालिया रिपोर्ट में सामने आया कि शादियों के सीजन में डिमांड बढ़ने से महंगाई दर और बढ़ सकती है. ऐसे में जरूरत है आपको पूरी प्लानिंग तैयार रखने की.

सावधान! आपकी जेब पर पड़ने वाली है मार, वित्त मंत्रालय ने दी महंगाई बढ़ने की चेतावनी
Image Credit: (File Pic) आने वाले दिनों में आम आदमी की जेब पर बोझ और बढ़ सकता है.

फेस्टिव सीजन सही से खत्म हुआ नहीं कि शादियों का मौसम शुरू हो गया है. पहले त्योहार और अब शादियां, खर्चे का सिलसिला लगातार बना हुआ है. ऐसे में यदि आप भी शॉपिंग करने का प्लान कर रहे हैं तो थोड़ा संभलकर बजट प्लान करने की जरूरत है. दरअसल, वित्त मंत्रालय की तरफ से जारी मंथली इकोनॉमिक रिव्यू रिपोर्ट में यह साफ कहा गया है कि आने वाले दिनों में आम आदमी की जेब पर बोझ और बढ़ सकता है. एक तरफ देश की इकोनॉमी में अच्छी ग्रोथ देखी जा रही है, दूसरी तरफ रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजों के दाम बढ़ने का भी रिस्क है.

फाइनेंस मिनिस्ट्री ने हालिया मंथली इकोनॉमिक रिव्यू में साफ किया गया कि आने वाले महीने में खुदरा महंगाई दर ऊपर जाने का खतरा बना हुआ है. इसकी बड़ा कारण लगातार चल रहे त्योहार और शादियों का सीजन शुरू होना है. इस दौरान खाने-पीने की चीजों के साथ ही नॉन-फूड आइटम्स की डिमांड भी बढ़ जाती है. बाजार में अचानक डिमांड बढ़ने से चीजों की कीमत में इजाफा देखा जाता है. अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.1 फीसदी पर पहुंच गई. महंगाई दर ने दो साल में पहली बार आरबीआई की तय की गई अधिकतम लिमिट को पार किया है. खाने-पीने की चीजें महंगी होने से यह आंकड़ा ऊपर की तरफ से चला गया.

मिडिल ईस्ट में तनाव का असर

महंगाई के मोर्चे पर केवल घरेलू डिमांड ही नहीं बल्कि इंटरनेशनल हालात भी चिंता बढ़ा रहे हैं. रिपोर्ट के अनुसार वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष के कारण तेल आयात का बिल और समुद्री माल ढुलाई की दरें अस्थिर रह सकती हैं. माल ढुलाई महंगी होने का असर थोक और रिटेल मार्केट की कीमत पर भी दिखाई देता है. हालांकि, राहत की बात यह है कि नवंबर की शुरुआत में ग्लोबल लेवल पर क्रूड ऑयल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गए. इसके साथ ही मजबूत पूंजी प्रवाह के चलते रुपये में भी मजबूती दिखाई दी.

तीसरी तिमाही में बनी रहेगी तेज रफ्तार

महंगाई की चिंता के बीच देश की इकोनॉमि ग्रोथ को लेकर फाइनेंस मिनिस्ट्री काफी कॉन्फिडेंट नजर आ रही है. मिनिस्ट्री की तरफ से जारी समीक्षा में कहा गया कि अक्टूबर से दिसंबर की तीसरी तिमाही में घरेलू आर्थिक गतिविधियां अपनी रफ्तार बनाए रखेंगी. माल की आवाजाही, टैक्स कलेक्शन, बिजली की खपत और माल ढुलाई जैसे हाई-फ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स लगातार एक्सपेंशन की तरफ इशारा कर रहे हैं. मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी नए ऑर्डर तेजी से बढ़ रहे हैं और कच्चे माल की लागत का दबाव कम हो रहा है. घरेलू बाजार में डिमांड को वाहनों की बिक्री और मजबूत ग्रामीण खपत से सपोर्ट मिल रहा है. रबी की फसल के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता भी किसानों के लिए अच्छी खबर है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More