)
खुदरा महंगाई दर के बाद थोक महंगाई दर ने आम आदमी को बड़ा झटका दिया है. वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को थोक मूल्य सूचकांक (WPI) के आंकड़े जारी किये हैं. इन आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर महीने की थोक महंगाई दर बढ़कर 12.29 फीसदी पर पहुंच गई. सितंबर में यह दर 11.39 प्रतिशत पर थी, इस हिसाब से इसमें 0.90 फीसदी का इजाफा हुआ है. यानी एक महीने के दौरान महंगाई के मोर्चे पर हालात काफी बिगड़ गए हैं. थोक महंगाई दर में आए जबरदस्त उछाल के पीछे सबसे बड़ा कारण तेल, पावर सेक्टर और फ्यूल की कीमत में आई भारी तेजी है.
इस बढ़ोतरी में सबसे अहम योगदान ऑयल, ईंधन और बिजली कैटेगरी का रहा है. सितंबर में इस सेक्टर की महंगाई दर 25.85 प्रतिशत थी जो कि अक्टूबर में 32.84 प्रतिशत पर पहुंच गई. सबसे खतरनाक हाल क्रूड ऑयल और नेचुरल गैस का रहा है. आंकड़ों के अनुसार इस कैटेगरी में महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 70.80 प्रतिशत हो गई, सितंबर में यह आंकड़ा 57.32 प्रतिशत पर था. मिनरल ऑयल की महंगाई दर 40.02 प्रतिशत के मुकाबले बढ़कर 45.57 प्रतिशत हो गई. सितंबर में बिजली के दाम में 0.43 फीसदी की गिरावट आई थी. लेकिन अक्टूबर में बिजली की कीमत ने यू-टर्न ले लिया ओर 8.06 प्रतिशत की महंगाई आई. सरकार की तरफ से साफ कहा गयाा कि मिनरल ऑयल, क्रूड ऑयल और बिजली थोक महंगाई दर में आए उछाल के सबसे बड़े खिलाड़ी रहे.
आम आदमी को सबसे ज्यादा चिंता खाने-पीने के आइटम को लेकर रहती है. अक्टूबर में प्राइमरी फूड आर्टिकल्स की महंगाई दर सितंबर के 8.14 प्रतिशत के मुकाबले बढ़कर 8.26 प्रतिशत पर पहुंच गई. हालांकि, यदि हम WPI फूड इंडेक्स की बात करें तो वहां कुछ राहत मिली है. इस इंडेक्स में खाद्य पदार्थों के साथ मैन्युफैक्चर्ड फूड प्रोडक्ट्स को शामिल किया जाता है. अक्टूबर में यह इंडेक्स 8.58 फीसदी पर रहा, जबकि सितंबर में यह 8.66 प्रतिशत पर था. इसका मतलब साफ है कि खाने-पीने वाली चीजों के मोर्चे पर ग्राहकों को मामूली राहत मिली है. लेकिन कुल मिलाकर दाम अभी भी काफी ऊपर बने हुए हैं.
थोक महंगाई दर में उछाल आने का आम आदमी पर क्या असर होगने वाला है? अगर आपका भी कुछ ऐसा ही सवाल है तो इसका मतलब हुआ कि WPI इंडेक्स वह पैमाना है, जिससे यह पता चलता है कि फैक्ट्रियों और थोक बाजारों में सामान किस भाव पर बिक रहा है. थोक बाजार में जब डीजल, पेट्रोल, बिजली, मेटल और क्रूड ऑयल महंगा हो जाता है तो कंपनियां उसी रेश्यो में बढ़ी हुई लागत का बोझ धीरे-धीरे ग्राहकों पर डालना शुरू कर देती हैं. इसका मतलब यह हुआ कि आने वाले दिनों में ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ने से हर तरह के सामान के दाम में उछाल आ सकता है.