)
जहानाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर की दो गाड़ियां मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मामला नगर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल के समीप का है. बताया जाता है कि एक वाहन मालिक जब सदर अस्पताल के पास से गुजर रहे थे, तो सड़क किनारे उनकी ही गाड़ी के नंबर (BR02BM-7866) वाली दूसरी गाड़ी खड़ी देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने संदिग्ध गाड़ी को जब्त कर लिया है और फर्जीवाड़े की जांच में जुट गई है.
दरअसल, असली वाहन मालिक किसी काम से सदर अस्पताल के पास से गुजर रहे थे. तभी उनकी नजर सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी की नंबर प्लेट पर पड़ी, जिस पर BR02BM-7866 लिखा हुआ था. यह नंबर देखते ही वे हतप्रभ रह गए, क्योंकि यही नंबर उनकी अपनी सफेद रंग की टाटा नेक्सन गाड़ी का है, जिसे उन्होंने वर्ष 2023 में खरीदा था और वह उस वक्त उनके घर पर खड़ी थी.
असली वाहन मालिक महेश प्रसाद उर्फ पप्पू ने बताया कि हम कुछ काम से सदर अस्पताल के पास से गुजर रहे थे. अचानक नजर सड़क किनारे खड़ी गाड़ी की नंबर प्लेट पर पड़ी, तो देखा कि उस पर मेरी ही गाड़ी का नंबर BR02BM-7866 लगा हुआ है. जबकि, मेरी सफेद नेक्सन गाड़ी 2023 मॉडल की है और वह मेरे घर पर खड़ी है. मैं जरूरत पड़ने पर ही गाड़ी निकालता हूं. अपनी गाड़ी का नंबर दूसरी गाड़ी पर लगा देख मैं हैरान रह गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि कोई मेरे खिलाफ साजिश कर फंसाना चाहता है या किसी आपराधिक वारदात में इस्तेमाल के लिए इस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई होगी.
वहीं, सूचना मिलते ही जहानाबाद नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने ले आई. हैरानी की बात यह है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद भी इस दूसरी गाड़ी का कोई मालिक अब तक सामने नहीं आया है. जहानाबाद नगर थाना सब इंस्पेक्टर रजनीकांत राय ने कहा कि गाड़ी के इंजन और चेसिस नंबर के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि यह गाड़ी कहीं चोरी की है या शराब तस्करी या किसी आपराधिक वारदात में इस्तेमाल के लिए इस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी, या फिर यह किसी बड़े वाहन चोर गिरोह का कारनामा है.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार