)
आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार ने 2027 में होने वाले अगले सीजन से पहले ही तबाही मचा दी है. दिसंबर में होने वाले ऑक्शन से पहले रजत ने अपना क्लास दिखाया और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में धमाकेदार शतक लगाया. रजत ने मध्य प्रदेश के लिए खेलते हुए सोमवार (16 नवंबर) को असम के खिलाफ 48 गेंद पर नाबाद 135 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और 13 छक्के लगाए.
आरसीबी को लगाकार दो बार आईपीएल चैंपियन बनाने वाले रजत पाटीदार ने मध्य प्रदेश के लिए पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की. उन्होंने जोरदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया. वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक लगाने वाले मध्य प्रदेश के पहले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने 41 गेंद पर अपना शतक पूरा किया. रजत ने शुरुआती शुरुआती 26 गेंद पर 52 रन और आखिरी के 22 गेंद पर उन्होंने 83 रन ठोक दिए.
RAJAT PATIDAR ON FIRE! 🔥💥 Captain Rajat Patidar smashed his maiden SMAT century in just 41 balls, reaching a stunning strike rate of 243.9! Patidar's second T20 hundred after his IPL ton for RCB. Is an India T20I comeback on the cards? 🇮🇳 https://t.co/eUPL4ONFsT
— VARAHA WARRIOR (@VarahaWarrior) November 16, 2026
असम ने न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में मध्य प्रदेश के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. मध्य प्रदेश के लिए अंकुश सिंह ने 23, अक्षत रघुवंशी ने 19 और अपूर्वे द्विवेदी ने तीन रन बनाए. 57 रन पर तीन विकेट गिर जाने के बाद रजत पाटीदार ने शिवांग कुमार के साथ मोर्चा संभाला और रनों की बारिश कर दी. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 62 गेंद पर 153 रन की साझेदारी की. शिवांग ने 38 गेंद पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 61 रन बनाए.
रजत ने पारी के 19वें ओवर में 28 रन ठोके. उन्होंने अविनव चौधरी की पहली गेंद पर कोई रन नहीं बनाया. इसके बाद दूसरी गेंद पर उन्होंने चौका लगाया. रजत ने इसके बाद लगातार चार गेंदों पर चार छक्के मारे. मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में छह विकेट पर 250 रनों का स्कोर खड़ा किया.
मध्य प्रदेश से मिले 251 रन के टारगेट के सामने असम की टीम 17.4 ओवर में 119 रनों पर सिमट गई. मध्य प्रदेश के लिए कुमार कार्तिकेय ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. आवेश खान और राहुल बाथम ने दो-दो विकेट झटके. त्रिपुरेश सिंह, शिवम शुक्ला और शिवांग कुमार को एक-एक सफलता मिली. रजत पाटीदार की टीम ने 131 रन से मैच को जीत लिया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.