)
राजस्थान में एक बार फिर से सेलिब्रिटीज का जमावड़ा लगा हुआ है. वहीं, इन दिनों अभिनेत्री सागरिका घाटगे के घर में शादी की रौनक है. उनके छोटे भाई शिवजीत घाटगे आज यानी 16 नवंबर को पल्लवी के साथ विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं. शिवजीत क्रिकेटर जहीर खान के साले हैं. इस खास मौके पर पूरा परिवार जश्न में शामिल है. इसी बीच सागरिका ने भाई की शादी के एक फंक्शन से अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की. तस्वीर में उनका पारंपरिक और शाही अंदाज बेहद खूबसूरत नजर आया. सिल्वर साड़ी, माथे पर मांग टीका और गले में हार उनके लुक को खास बना रहे हैं.
ग्रे-सिल्वर साड़ी में दिखा रॉयल अंदाज
भाई की शादी के फंक्शन के लिए सागरिका ने ग्रे-सिल्वर शेड की साड़ी चुनी. साड़ी पर बारीक और हैवी एम्ब्रॉयडरी वर्क किया हुआ है, जो पहनावे को रिच और रॉयल लुक दे रहा है. इसके साथ उन्होंने मैचिंग ब्लाउज पहना. साड़ी का रंग और उस पर की गई कारीगरी उनके पूरे अंदाज को एलिगेंट बना रही है. अभिनेत्री ने इस पारंपरिक आउटफिट को सलीके से कैरी किया. सिल्वर शेड की चमक और कढ़ाई का काम उनके पहनावे को खास बना रहा है.

मांग टीका और नेकलेस ने बढ़ाई खूबसूरती
सागरिका ने अपने लुक को पूरा करने के लिए जूलरी का खास चुनाव किया. माथे पर सजा मांग टीका तस्वीर में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. गले में उन्होंने डायमंड का लेयर्ड नेकलेस पहना, जिसने उनके शाही अंदाज को और निखारा. कानों में मैचिंग ईयररिंग्स भी नजर आए. अभिनेत्री ने बालों को पीछे की ओर करीने से बांधा और मेकअप सॉफ्ट रखा. साड़ी, मैचिंग ब्लाउज और जूलरी के साथ उनका पूरा अंदाज शादी के फंक्शन के अनुरूप नजर आया.
जयपुर के चौमूं में हो रही शिवजीत की शादी
सागरिका के छोटे भाई शिवजीत घाटगे आज यानी 16 नवंबर को पल्लवी के साथ सात फेरे लेने जा रहे हैं. शादी का आयोजन जयपुर के चौमूं स्थित 5 स्टार होटल आरशिंदर रिसॉर्ट में हो रहा है. इस विवाह को लेकर पहले से चर्चा है. इसकी वजह शिवजीत का शाही पारिवारिक बैकग्राउंड और समारोह में बॉलीवुड तथा क्रिकेट जगत की हस्तियों की मौजूदगी है. जहीर खान के साले की शादी में शामिल होने के लिए आशीष नेहरा, पार्थिव पटेल और अजीत अगरकर अपने-अपने परिवारों के साथ पहुंच चुके हैं. इस बीच सागरिका की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह भाई की शादी के जश्न में पारंपरिक परिधान में नजर आ रही हैं.