)
इंग्लैंड ने यूईएफए नेशंस लीग में स्पेन के खिलाफ 3-2 की एक बड़ी जीत हासिल की है. उसने वर्ल्ड चैंपियन टीम को 3-2 से परास्त करके एक दुनिया भर के फुटबॉल फैंस को चौंका दिया. स्पेन 43 मैचों के बाद कोई इंटरनेशनल मुकाबला हारा है. उसने इसी साल अर्जेंटीना को हराकर वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा किया था. इंग्लैंड के अलावा बेल्जियम ने इटली को 4-1 और फ्रांस ने तुर्किये को 2-1 से परास्त किया. उसने क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान भी पक्का कर लिया.
इंग्लैंड के मैनेजर थॉमस ट्यूकेल के लिए यह एक जश्न मनाने लायक रात थी. उनकी टीम ने न सिर्फ वर्ल्ड चैंपियन को हराया है, बल्कि ग्रुप A3 में स्पेन के बराबर 15 पॉइंट्स के साथ पहला स्थान भी हासिल किया. इटली के खिलाफ बेल्जियम की शानदार वापसी और तुर्किये पर फ्रांस की जीत ने ग्रुप दौर के मैचों के आखिरी राउंड को शानदार अंदाज में खत्म किया.
स्पेन की राजधानी मैड्रिड में इंग्लैंड की टीम आराम करने के मूड में नहीं थी. कप्तान हैरी केन ने हाफटाइम से ठीक पहले पेनल्टी पर गोल करके अपनी इंटरनेशनल गिनती को रिकॉर्ड 93 गोल तक पहुंचा दिया. हाफ टाइम के बाद एजरी कोंसा ने 53वें मिनट में गोल करके स्कोर को 2-0 कर दिया. बेन वाइट ने 57वें मिनट में गोल करके इंग्लैंड को 3-0 से आगे कर दिया. ऐसा लग रहा था कि इंग्लिश टीम आसानी से मैच जीत जाएगी, लेकिन स्पेन ने जवाबी हमला किया. उसने 65वें मिनट में पेनल्टी पर पहला गोल किया. उसके लिए मिकेल ओयारजाबाल ने स्कोर किया और फिर 75वें मिनट में निको विलियम्स ने गोल कर मैच में रोमांच बढ़ा दिया.
An incredible night of #NationsLeague action ❤️ https://t.co/sKLuLBntA5
— UEFA EURO (@UEFAEURO) November 15, 2026
स्पेन के दो गोलों के बावजूद इंग्लैंड की टीम मैच में 3-2 से आगे चल रही थी. अचानक इंग्लैंड को 63वें मिनट में बड़ा झटका लगा. इलियट एंडरसन को रेड कार्ड दिखाया गया और टीम 10 खिलाड़ियों के साथ मैदान पर रह गई. थॉमस ट्यूकेल की टीम ने इसके बाद दबाव को किसी तरह झेला और मैच को अपने पक्ष में समाप्त किया. इंग्लैंड की टीम फुटबॉल वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंची थी. उसे अर्जेंटीना ने हराकर बाहर किया था.
England win an INCREDIBLE game in Madrid 👏 #NationsLeague https://t.co/JoZXra38Ln
— UEFA EURO (@UEFAEURO) November 15, 2026
फ्रांस ने अपने ग्रुप कैंपेन का अंत जीत के साथ किया. बोर्डो में तुर्किये को 2-1 से हराकर ग्रुप A1 में टॉप पर रहा. अपने पिछले मैच में इटली से हारने के बाद जिनेदिन जिदान की टीम को जवाब देने की जरूरत थी और उसने क्वार्टरफाइनल ड्रॉ में सीडेड जगह पक्की करने के लिए यह काम कर दिखाया. हाफटाइम के तुरंत बाद एमिरहान टोपकू के आत्मघाती गोल करके ने फ्रांस को आगे कर दिया. इसके बाद एली जूनियर क्रुपी ने नेशनल टीम के लिए गोल करके अपनी पहली मौजूदगी दर्ज कराई. तुर्किये वापसी करने के लिए संघर्ष करता रहा. उसके लिए 90वें मिनट में अब्दुलकेरिम बर्डाक्ची ने इकलौता गोल किया. इस नतीजे से फ्रांस ग्रुप विनर के तौर पर क्वार्टरफाइनल में पहुंच गया है. वह अब स्पेन के खिलाफ खेल सकता है.
इटली ब्रसेल्स पहुंची और उसे टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए सिर्फ ड्रॉ की जरूरत थी, लेकिन बेल्जियम के कुछ और ही प्लान थे. फ्रांसेस्को पियो एस्पोसिटो के 11वें मिनट में किए गए वॉली से पीछे होने के बावजूद मेजबान टीम ने जबरदस्त अटैकिंग फुटबॉल से जवाब दिया और मैच का रुख पलट दिया. मैक्सिम डी क्यूपर और नाथन न्गोय ने तेजी से गोल करके बेल्जियम को आगे कर दिया. इससे पहले जेरेमी डोकू ने अकेले शानदार कोशिश की और इटली के डिफेंस को चीरते हुए गोल करके स्कोर 3-1 कर दिया. डिएगो मोरेरा ने 10 मिनट बाकी रहते चौथा गोल किया, जिससे नतीजा पक्का हो गया.
इटली की बुरी शाम तब खत्म हुई जब एस्पोसिटो ने आखिर में पेनल्टी मिस कर दी. बेल्जियम ग्रुप A1 में फ्रांस के बाद दूसरे स्थान पर रहा, जबकि इटली को क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह गंवाने का अफसोस करना पड़ा. क्वार्टरफाइनल की तस्वीर सोमवार को जर्मनी और नीदरलैंड और ग्रीस और सर्बिया के बीच ग्रुप A2 के मुकाबलों के बाद और साफ हो जाएगी. इसके बाद मंगलवार को ग्रुप A4 के मैच होंगे.