App

झारखंड में पशुधन योजना में खेल? उच्च नस्ल के नाम पर बांट दी देशी गाय, 33 के वितरण पर सवाल

झारखंड के गढ़वा में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 33 गायों के वितरण में अनियमितता का आरोप लगा है. उच्च नस्ल की जगह देशी गाय देने और क्वारंटाइन नियम तोड़ने के आरोपों की जांच होगी.

झारखंड में पशुधन योजना में खेल? उच्च नस्ल के नाम पर बांट दी देशी गाय, 33 के वितरण पर सवाल
Image Credit: Garhwa News

आशीष प्रकाश राजा/गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत गाय वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगा है. आरोप है कि योजना के तहत लाभुकों को उच्च नस्ल की गाय देने के बजाय देशी गाय वितरित कर दी गईं. इतना ही नहीं, गायों को निर्धारित 14 दिनों तक क्वारंटाइन में रखे बिना ही वितरण कर दिया गया. 33 गायों के बांटने में अनियमितता की आशंका जताई जा रही है. मामला सामने आने के बाद विभाग ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है.

उच्च नस्ल की जगह देशी गाय देने का आरोप

गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित गव्य विकास विभाग में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत गाय वितरण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. योजना के तहत लाभुकों को उच्च नस्ल की गाय उपलब्ध कराई जानी थी, लेकिन आरोप है कि कुछ लाभुकों को उच्च नस्ल के नाम पर देशी गाय दे दी गई. बताया जा रहा है कि कुल 33 गायों का वितरण किया गया, जिनमें कुछ गायें ही उच्च नस्ल की थीं, जबकि शेष गायों की नस्ल को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

14 दिन क्वारंटाइन रखने के नियम पर भी सवाल

अनियमितता का दूसरा मामला गायों को क्वारंटाइन में रखने से जुड़ा है. नियमानुसार वितरण से पहले गायों को 14 दिनों तक विशेषज्ञों की निगरानी में क्वारंटाइन रखना होता है, ताकि उनके स्वास्थ्य और गुणवत्ता की जांच की जा सके. आरोप है कि गढ़वा में इस प्रक्रिया का पालन किए बिना ही अधिकांश गायों का वितरण कर दिया गया. जब मामले की पड़ताल के लिए गव्य विकास विभाग पहुंचा गया, तो वहां क्वारंटाइन के लिए महज तीन गायें ही रखी हुई मिलीं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बाकी गायों को बिना निर्धारित प्रक्रिया पूरी किए ही कैसे वितरित कर दिया गया?

मामले को लेकर जब जिला गव्य विकास पदाधिकारी से सवाल किया गया, तो उन्होंने जांच कराने और अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही. साथ ही उन्होंने कहा कि वितरित की गई सभी गायों की विभाग द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More