)
'माचिस की डिब्बी से तीली निकाल लें तो माचिस के डिब्बे की कोई अहमियत नहीं रह जाती', इस कहावत को जमशेदपुर में 20 करोड़ रुपये की लागत से बने आयुष अस्पताल ने सच कर दिखाया है. 27 नवंबर को इसके उद्घाटन का समय तय किया गया है, लेकिन स्थानीय विधायक ने उद्घाटन से दूरी बना ली है. उन्होंने कहा कि यह अस्पताल का उद्घाटन नहीं, बल्कि चमचमाते भवन का उद्घाटन है. ऐसे में जनता के सवालों का जवाब कौन देगा? जब बिजली, डॉक्टर और उपकरण ही नहीं हैं, तो फिर कैसा आयुष अस्पताल? सरकार एक और एमजीएम (MGM) बनाने की तैयारी में है.
कदमा के शास्त्री नगर स्थित एक बड़े मैदान में फाइव स्टार की तर्ज पर बने चमचमाता आयुष अस्पताल भवन बनाया गया है. जिस मैदान में कभी हजारों बच्चे खेला करते थे, वहां झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष अस्पताल बनाने की शुरुआत की गई. लोगों ने सोचा कि चलो, बच्चों को मना लेंगे. अस्पताल बनने से यहां लाखों लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी.
कदमा स्थित शास्त्री नगर में तीन मंजिला आलीशान भवन बनकर तैयार है, लेकिन वहां अस्पताल का नामोनिशान नहीं है. न बिजली है, न पानी, न डॉक्टर, न चिकित्सा उपकरण और न ही जरूरी कर्मचारी. आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी, पंचकर्म, योग और ऑपरेशन कक्ष के साइनबोर्ड लगा दिए गए हैं, लेकिन इनके संचालन की कोई व्यवस्था नहीं है. ऐसे अधूरे भवन का 27 नवंबर को आयुष अस्पताल के रूप में उद्घाटन कराने की सरकारी तैयारी पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कड़ी आपत्ति जताई है.
उद्घाटन की सूचना मिलने के बाद स्थानीय विधायक भवन का निरीक्षण करने पहुंचे. सरयू राय ने पाया कि तीन मंजिला भवन लगभग पूरी तरह खाली है. एक कमरे में कुछ होम्योपैथिक दवाएं रखी हैं और उसी को ओपीडी बताया जा रहा है. यहां मुश्किल से पांच-छह मरीज प्रतिदिन आते हैं, बाकी चिकित्सा सुविधाएं केवल साइनबोर्ड तक सीमित हैं.
इस दौरान सरयू राय ने कहा कि बिना बिजली, डॉक्टर और चिकित्सा उपकरणों के किसी भवन को अस्पताल बताकर उसका उद्घाटन करना जनता के साथ छलावा है. उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल को बता दिया है कि वे इस दिखावटी उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होंगे; सरकारी पदाधिकारी चाहें तो अपने स्तर से उद्घाटन करा सकते हैं. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के आयुष निदेशक दिनेश यादव से भी बात कर कहा कि पहले बिजली, चिकित्सक, चिकित्सा उपकरण और आवश्यक कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए, उसके बाद ही अस्पताल का उद्घाटन हो.
सरयू राय ने चेतावनी दी कि विधानसभा चुनाव से पहले जिस तरह एमजीएम अस्पताल के नए भवन का आनन-फानन में उद्घाटन कर दिया गया और आज तक वहां की व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो सकी हैं, वैसी ही स्थिति शास्त्री नगर के आयुष अस्पताल की भी हो सकती है. उन्होंने कहा कि सरकार कहीं एक और एमजीएम अस्पताल खड़ा करने की गलती न दोहराए. वहीं, अस्पताल में मौजूद एक डॉक्टर ने यहां की व्यवस्था पर कहा कि व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार का काम है, उद्घाटन के बाद धीरे-धीरे सब कुछ होगा, हमारा काम मरीजों को देखना है. मगर इस भवन में अभी बहुत कुछ की जरूरत है, ऐसे में मरीजों का इलाज कैसे होगा?
वहीं, स्थानीय लोगों ने कहा कि हमने एक बड़ा मैदान खो दिया, जिसमें हमारे बच्चे खेलकर अपना भविष्य बनाते थे. हमने सोचा था कि यह अस्पताल बनेगा तो हमारे बुढ़ापे का सहारा होगा और स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, मगर भवन तो बना दिया गया, सुविधा शून्य है. ऐसे में यहां मरीज इलाज कराने आएं या यहां की व्यवस्था देखकर ही बीमार हो जाएं? पहले भी जमशेदपुर को करोड़ों की लागत से एक एमजीएम अस्पताल बनाकर दिया गया, वहां पहुंचने पर मरीज को न तो बेड मिलता है, न पानी और न ही समुचित इलाज की व्यवस्था मिलती है. आखिर स्वास्थ्य विभाग क्यों स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर करोड़ों रुपये बर्बाद कर रहा है? ऐसे सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था देखकर गरीब परिवार कर्ज लेकर प्राइवेट अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर हैं.
रिपोर्ट: रंजीत कुमार ओझा