App

जिसने शहर साफ किया, मौत के बाद उसी के शव को कचरा गाड़ी में भेजा, गिरिडीह में इंसानियत शर्मसार

गिरिडीह में सफाईकर्मी सोनू हाड़ी का शव कचरा गाड़ी में लाया गया. बताया जा रहा है कि सोनू हाड़ी नगर निगम में दैनिक सफाई कर्मचारी के रूप में काम करते थे. तालाब में डूबने से उनकी मौत हो गई. इसके बाद सोनू का शव कचरा गाड़ी से पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लाया गया.

जिसने शहर साफ किया, मौत के बाद उसी के शव को कचरा गाड़ी में भेजा, गिरिडीह में इंसानियत शर्मसार
Image Credit: गिरिडीह में कचरा गाड़ी में लाया गया सफाईकर्मी सोनू का शव (Z News)

गिरिडीह में एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो इंसानियत, संवेदनशीलता और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. पचंबा थाना क्षेत्र के रहने वाले 30 वर्षीय सोनू हाड़ी, जो नगर निगम में दैनिक सफाई कर्मचारी के रूप में काम करते थे. उनकी तालाब में डूबने से मौत हो गई, लेकिन मौत के बाद उनके शव के साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ, वह कई सवाल खड़े कर रहा है.

सम्मानपूर्वक अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी?

सोनू की मौत के बाद उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन किसी शव वाहन से नहीं, बल्कि कचरा उठाने वाली गाड़ी से. यह तस्वीर देखकर सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर एक इंसान की मौत के बाद उसे सम्मानपूर्वक अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी?

सोनू हाड़ी के शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी में क्यों लाया गया?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कुछ दिन पहले ही गिरिडीह नगर निगम को सरकार की ओर से तीन शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, तो फिर सोनू हाड़ी के शव को कचरा ढोने वाली गाड़ी में क्यों लाया गया. क्या सफाई कर्मचारी की पहचान सिर्फ कचरा उठाने तक ही सीमित है?

मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली तस्वीर

क्या उसकी मौत के बाद भी उसे सम्मानजनक व्यवस्था का हक नहीं? सोनू भी किसी परिवार का बेटा था. उसकी भी अपनी जिंदगी, सपने और अपने लोग थे. जिस शहर को साफ रखने के लिए वह रोज मेहनत करता था, उसी शहर की व्यवस्था उसकी मौत के बाद उसे सम्मान देने में नाकाम नजर आई. यह सिर्फ एक शव को अस्पताल पहुंचाने का मामला नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली तस्वीर है.

'पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी'

मामले को लेकर गिरिडीह नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है. दोनों ने कहा कि घटना बहुत ही शर्मनाक है. जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी कि शव वाहन उपलब्ध रहने के बावजूद शव को कचरा गाड़ी में क्यों लाया गया. परिवार के साथ पूरा निगम खड़ा है. पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी.

रिपोर्ट: मृणाल सिन्हा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More