App

शादी करने वालों ध्यान दें: आगरा में सड़क पर घुड़चढ़ी करना पड़ेगा भारी, पुलिस का नया फरमान

शादियों का सीजन शुरू हो रहा है. इससे पहले सड़कों पर जाम को लेकर आगरा पुलिस ने नया फरमान जारी किया है. सड़क पर बारात निकालने को लेकर कड़े निर्देश दिए गए हैं.

शादी करने वालों ध्यान दें: आगरा में सड़क पर घुड़चढ़ी करना पड़ेगा भारी, पुलिस का नया फरमान
Image Credit: Z Creative (AI Image)

​उत्तर प्रदेश के आगरा में सड़क पर शादी के लिए बारात, घुड़चढ़ी और अन्य कार्यक्रमों पर पुलिस ने पूरी तरह रोक लगा दी है. नगर जोन, कमिश्नरेट आगरा में वर्तमान में चल रहे शादी समारोह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में जुटने वाली भीड़ व वाहनों के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बन रही है. यातायात व्यवस्था में अवरोध होने से आम जनमानस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, समारोह स्थलों पर चोरी और हर्ष फायरिंग की घटनाएं होने से भी इनकार नहीं किया जा सकता. इन्हीं सब समस्याओं को देखते हुए आम जनमानस और जनहित की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और चोरी व हर्ष फायरिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस उपायुक्त नगर ने सख्स दिशा-निर्देश जारी किए.

पुलिस का फरमान

​पुलिस की ओर से जारी आदेश में कुल 12 बिंदुओं पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं. सबसे पहले यह स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति अपने घर से 2 या 3 दिन के लिए बाहर जाता है, तो इसकी सूचना अपने नजदीकी या संबंधित चौकी या थाने पर अवश्य दें. इसके साथ ही होटल, रिसॉर्ट, गेस्ट हाउस, मैरिज होम, धर्मशाला या मैरिज स्थल के मालिक और मैनेजर अपने परिसर में ही वाहनों का पार्किंग स्थल बनाएंगे और किसी भी परिस्थिति में वाहनों को सड़क पर खड़ा नहीं होने देंगे.

द्वारचार मैरिज हॉल परिसर के अंदर हों

​समारोह स्थलों पर सुरक्षा को लेकर जारी फरमान में कहा गया है कि होटल, रिसॉर्ट, गेस्ट हाउस, मैरिज होम, धर्मशाला या मैरिज स्थल में हर्ष फायरिंग के दृष्टिगत किसी भी प्रकार के अग्नेयास्त्र को परिसर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और न ही हर्ष फायरिंग होने दी जाएगी. शादी समारोह से संबंधित कोई भी कार्यक्रम, जैसे घुड़चढ़ी या बारात स्वागत, सड़क पर नहीं होगा और पूर्व से निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही कार्यक्रम निर्धारित समयावधि में कराए जाएंगे. इसके अलावा शादी समारोह के अन्य कार्यक्रम जैसे द्वारचार, जयमाला या अन्य रस्में भी होटल, रिसॉर्ट, गेस्ट हाउस, मैरिज होम, धर्मशाला या मैरिज स्थल के परिसर के अंदर ही कराए जाएंगे.

2 दिन में होटल और रिसॉर्ट का नक्शा दें

​चोरी की घटनाएं घटित न हों, इसके लिए होटल, रिसॉर्ट, गेस्ट हाउस, मैरिज होम, धर्मशाला या मैरिज स्थल के मालिक और मैनेजर परिसर में सीसीटीवी कैमरे व्यवस्थित कराते हुए उसका मानचित्र संबंधित थाना प्रभारी को 2 दिन के भीतर उपलब्ध कराएंगे. साथ ही जिन स्थानों पर प्राइवेट मार्शल या सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी पर हैं, उनकी ड्यूटी कार्यक्रम समाप्ति तक परिसर के मुख्य द्वार पर ही लगाई जाएगी, ताकि वे किसी भी प्रकार से यातायात व्यवस्था प्रभावित न होने दें.

ध्वनि प्रदूषण का ख्याल रखें

​आदेश में ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा मानकों पर भी कड़ा रुख अपनाया गया है. ऐतिहासिक स्थलों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों के आसपास किसी भी प्रकार से अधिक ध्वनि या आवाज वाली आतिशबाजी व अधिक ज्वलनशील विस्फोटक का प्रयोग नहीं किया जाएगा.

प्रतिबंधित क्षेत्रों में ड्रोन कैमरा नहीं उड़ा सकेंगे

प्रतिबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति के कोई भी ड्रोन कैमरा नहीं उड़ाया जाएगा. वहीं, होटल, रिसॉर्ट, गेस्ट हाउस, मैरिज होम, धर्मशाला या मैरिज स्थल के परिसर के अंदर डीजे उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित समय और ध्वनि सीमा में ही बजाया जाएगा. अंत में पुलिस ने निर्देश दिया है कि यदि इन परिसरों में कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है, तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी, थाने या यूपी-112 पर दी जाए, और यदि कोई भी उक्त शर्तों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध विधि अनुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी.

(आगरा से सैय्यद शकील की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More