)
कई जिंदगी की किताब में कुछ कहानियां ऐसी लिखी जाती हैं, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से भी ज्यादा इंस्पारियंग होती हैं. 20 नवंबर 2026 की शाम जब मुंबई के मंच पर दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स (DPIFF 2026) में स्मृति ईरानी का नाम गूंजा, तो वो सिर्फ एक अवॉर्ड का अनाउंसमेंट नहीं था, बल्कि 25 साल की एक शानदार लाइफ जर्नी के पूरा होने का जश्न था. अपने मोस्टपॉपुलर कैरेक्टर 'तुलसी विरानी' के रूप में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के लिए 'बेस्ट एक्ट्रेस इन ए टेलीविजन सीरीज' का खिताब जीतकर स्मृति ने साबित कर दिया कि असली टैलेंट टाइम और सिचुएशन की मोहताज नहीं होती है.
एक आम लड़की से लेकर देश के हर घर की चहेती बहू, फिर सत्ता के गलियारों की जानी-मानी केंद्रीय मंत्री और अब दोबारा एक्टिंग के सफर के शिखर पर पहुंचने तक का उनका ये सफर हर किसी को हैरान भी करता और इंस्पायर करता है. दिल्ली में मिडिल क्लास फैमिली अजय कुमार मल्होत्रा और शिबानी बागची के घर जन्मीं स्मृति के सपने हमेशा से बड़े थे. महज 18 साल की कच्ची उम्र में वो आंखों में चमक और दिल में कुछ कर गुजरने का जज्बा लेकर मुंबई आ गईं.

स्मृति ईरानी ने साल 1998 में मिस इंडिया ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा लिया और टॉप फाइनलिस्ट में अपनी जगह बनाकर ग्लैमर की दुनिया में कदम रखा. मॉडलिंग और मीका सिंह के सुपरहिट म्यूजिक वीडियो 'सावन में लग गई आग' से पहचान बनाने के बाद साल 2000 में स्मृति ने 'आतिश' और 'हम हैं कल आज और कल' जैसे सीरियल्स से अपने टीवी करियर की शुरुआत की. लेकिन उनकी किस्मत का असली ताला तब खुला, जब निर्माता एकता कपूर ने उन पर भरोसा जताया और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में 'तुलसी मिहिर विरानी' के किरदार के लिए चुना.

ये शो सिर्फ एक आम सीरियल नहीं रहा, बल्कि इंडियन टीवी का सबसे बड़ा कल्चरल मूवमेंट बन गया. रात साढ़े दस बजते ही देश की सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था और हर घर में तुलसी के सुख-दुख पर चर्चा होती थी. इस किरदार ने स्मृति को रातों-रात घर-घर की पहचान बना दिया और उन्होंने लगातार कई सालों तक बेस्ट एक्ट्रेस के तमाम पुरस्कार अपने नाम किए.
तुलसी की छवि में बंधे बिना स्मृति ने छोटे पर्दे पर अपने वर्सेटाइल टैलेंट का भी लोहा मनवाया. साल 2001 से 2008 के बीच उन्होंने बी.आर. चोपड़ा की 'रामायण' में सीता की भूमिका निभाकर लोगों को भावुक किया, तो वहीं 'विरुद्ध: हर रिश्ता एक कुरुक्षेत्र' में वसुधा शर्मा और 'मणिबेन डॉट कॉम' में मणिबेन के किरदारों से अपनी कला का एक अलग ही रूप पेश किया.

इसके अलावा 'तीन बहुरानियां' में काम करने के साथ-साथ उन्होंने 'सावधान इंडिया' की मेजबानी भी की. स्मृति केवल कैमरे के सामने तक ही सीमित नहीं रहीं, बल्कि उन्होंने डायरेक्शन के एरिया में भी कदम रखा और 'थोड़ी सी जमीन थोड़ा सा आसमान' जैसे सेंसेसिटिव शो का डायरेक्शन कर उसमें उमा आपटे का मुख्य किरदार भी निभाया.
पॉपुलैरिटी के शिखर पर रहते हुए स्मृति ने साल 2003 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामकर सबको चौंका दिया. राजनीति की राह उनके लिए आसान नहीं थी. साल 2004 में दिल्ली की चांदनी चौक सीट से अपना पहला लोकसभा चुनाव वो हार गईं, लेकिन उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा. संगठन में कड़ी मेहनत करते हुए वो साल 2010 से 2013 तक भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रहीं और 2011 में गुजरात से राज्यसभा सांसद बनकर संसद पहुंचीं.

साल 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अमेठी से राहुल गांधी को कड़ी टक्कर दी और भले ही जीत न सकीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में देश की सबसे युवा केंद्रीय मंत्री (मानव संसाधन विकास मंत्री) बनकर इतिहास रच दिया. उन्होंने मानव संसाधन विकास के साथ-साथ कपड़ा, सूचना एवं प्रसारण, महिला एवं बाल विकास तथा अल्पसंख्यक मामलों जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली.
स्मृति के राजनीतिक करियर का सबसे बड़ा निर्णायक मोड़ 2019 के लोकसभा चुनाव में आया, जब उन्होंने कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले अमेठी में राहुल गांधी को हराकर भारतीय राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया. साल 2019 से 2024 तक अमेठी की सांसद के रूप में उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई और राष्ट्रीय राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा बनी रहीं.

राजनीति में उतार-चढ़ाव आम बात है. साल 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से हार का सामना करने के बाद स्मृति ने निराश होने के बजाए खुद को नए सिरे से गढ़ने का फैसला किया. एक तरफ जहां पार्टी ने उनकी संगठनात्मक क्षमता पर भरोसा जताते हुए 17 अगस्त 2026 को उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने अपनी पुरानी कला की ओर लौटने का साहसिक निर्णय लिया.
लगभग दो दशकों तक टीवी की दुनिया से दूर रहने के बाद, जुलाई 2025 में उन्होंने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के जरिए छोटे पर्दे पर ऐतिहासिक वापसी की. ये वापसी साबित करती है कि एक सच्चा कलाकार कभी भी अपनी जड़ों से दूर नहीं रह सकता.

जुलाई 2025 में शुरू हुए 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' ने लोगों के दिलों में फिर से वही पुराना जादू जगाया. नई पीढ़ी के लोगों और पुराने फैंस के प्यार के दम पर इस शो ने अक्टूबर 2026 में शानदार 450 एपिसोड्स पूरे कर गरिमापूर्ण विदाई ली. इसके ठीक एक महीने बाद, नवंबर 2026 में DPIFF अवार्ड्स के मंच पर जब स्मृति ईरानी ने बेस्ट एक्ट्रेस की ट्रॉफी थामी, तो वो पल हर मेहनत करने वाले इंसान के लिए एक खास मैसेज बन गया. टीवी के शिखर और संसद के गलियारों से होते हुए आज फिर उसी कला के मंदिर में सम्मानित हो रही है, जिसने उन्हें सबसे पहले पहचान दी थी.

जहां पर्दे पर स्मृति एक आम भारतीय बहू के रूप में नजर आ रही थीं, वहीं असल जिंदगी में उनकी प्रेम कहानी बेहद अनोखी रही. मुंबई में स्ट्रगल के दिनों में उनकी दोस्ती पारसी बिजनेसमैन जुबिन ईरानी से हुई थी. समय के साथ जुबिन और स्मृति की दोस्ती एक गहरे भरोसे और समझदारी में बदल गई. उनके रिश्ते में कोई फिल्मी स्क्रिप्ट नहीं थी, बल्कि दोनों ने एक 'हैंडशेक' पर शादी का फैसला किया.

जहां स्मृति की शर्त थी कि वो शादी के बाद भी काम जारी रखेंगी और जुबिन की पहली प्रायोरिटी उनकी बेटी थी. साल 2001 में दोनों ने स्मृति की मां की बिल्डिंग के पार्किंग लॉट में बेहद सादगी से शादी की और अगले ही दिन काम पर लौट गए. आज वो बेटे जोहर और बेटी जोइश के साथ एक खुशहाल परिवार संभाल रही हैं.