App

मैं बुर्का नहीं पहनती, अगर कोई मुझे कहे कि आपको हक नहीं, तो मैं 3 बुर्का पहनूंगी... शबाना आजमी ने बेबाकी से रखी राय

बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी ने उषा काकडे के पॉडकास्ट में बुर्का विवाद और एक्टर्स के राजनीति में आने पर बेबाक राय रखी है. उन्होंने कहा कि सितारों को सिर्फ सम्मान के दिखावे के लिए नेता नहीं बनना चाहिए.

मैं बुर्का नहीं पहनती, अगर कोई मुझे कहे कि आपको हक नहीं, तो मैं 3 बुर्का पहनूंगी... शबाना आजमी ने बेबाकी से रखी राय
Image Credit: उषा काकडे के पॉडकास्ट में शबाना आजमी के बयानों ने मचाई हलचल (AI Image)

बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी हमेशा से ही अपनी बेबाक सोच और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलने के लिए जानी जाती हैं. उषा काकडे के पॉडकास्ट में शामिल हुईं शबाना ने दो बेहद अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी है. एक तरफ जहां उन्होंने हिजाब और बुर्के को लेकर धर्म के नाम पर भ्रम फैलाने वालों को आड़े हाथों लिया, वहीं दूसरी तरफ उन्होंने राजनीति में कदम रखने वाले फिल्मी सितारों को भी बड़ी नसीहत दी है.

दिग्गज शायर कैफी आजमी और एक्ट्रेस शौकत आजमी की बेटी शबाना आजमी ने हमेशा अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जी है. उनका मानना है कि वह धार्मिक कर्मकांडों को भले ही न मानती हों, लेकिन सांस्कृतिक रूप से वह खुद को एक मुस्लिम मानती हैं. वहीं उनके पति और मशहूर गीतकार जावेद अख्तर मुस्लिम परिवार से होने के बावजूद खुद को नास्तिक कहते हैं. उषा काकडे के पॉडकास्ट में शबाना आजमी ने कई संवेदनशील और जरूरी विषयों पर खुलकर बात की.

बुर्का और हिजाब को लेकर धर्म के बिचौलियों पर निशाना

पॉडकास्ट के दौरान शबाना आजमी ने सालों से चल रहे हिजाब और बुर्का विवाद पर अपनी बात रखी. उन्होंने दावा किया कि कुरान में कहीं भी यह नहीं लिखा है कि महिलाओं को इस तरह बुर्का पहनना चाहिए. शबाना के मुताबिक, कुरान सिर्फ इतना कहता है कि आपकी आंखों में शर्म और लिहाज होना चाहिए और यह नियम महिला और पुरुष दोनों पर लागू होता है. उन्होंने कुछ 'बिचौलियों' पर आरोप लगाया कि इन लोगों ने धार्मिक शिक्षाओं को गलत तरीके से पेश करके पर्दे को लेकर समाज में भ्रम फैलाया है.

व्यक्तिगत पसंद का समर्थन और कंगना से पुरानी बहस

शबाना ने साफ कहा कि वह खुद बुर्का नहीं पहनती हैं, लेकिन अगर कोई उन पर दबाव डाले कि वह बुर्का नहीं पहन सकतीं, तो वह विरोध में तीन बुर्के पहनेंगी. उन्होंने सवाल किया कि किसी को यह तय करने का हक किसने दिया कि कोई क्या पहने. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सेक्युलरिज्म की आड़ में कट्टरपंथ नहीं फैलाया जा सकता.

याद दिला दें कि साल 2022 के कर्नाटक हिजाब विवाद के समय भी जब उन्होंने आवाज उठाई थी, तब बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्हें अफगानिस्तान में बिना बुर्के के रहकर हिम्मत दिखाने की सलाह दी थी. 

 

इस पर शबाना ने एक्स पर जवाब देते हुए कहा था कि अफगानिस्तान एक धार्मिक देश है, जबकि भारत एक धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य है.

 

 

वहीं, जावेद अख्तर हिजाब प्रथा के खिलाफ रहे हैं, लेकिन वह दक्षिणपंथी ताकतों द्वारा इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने को भी गलत मानते हैं.

 

 

सिर्फ सम्मान का तमगा लेने राजनीति में न आएं एक्टर्स

उषा काकडे के इस पॉडकास्ट में शबाना आजमी ने फिल्मी सितारों के नेता बनने के ट्रेंड पर भी अपनी बेबाक राय दी. इसे सितारों की व्यक्तिगत पसंद बताते हुए शबाना ने सलाह दी कि एक्टर्स को सिर्फ 'बैज ऑफ ऑनर' यानी सम्मान का तमगा लगाने के लिए पॉलिटिक्स में नहीं आना चाहिए. उनके अनुसार, अगर जनता ने आपको इतना प्यार और जिम्मेदारी दी है, तो राजनीति में आकर समाज की भलाई के लिए ईमानदारी से काम करना बेहद जरूरी है.

देखें वीडियो-

 

राज्यसभा सांसद के रूप में शबाना का शानदार काम

भले ही शबाना आजमी ने कभी चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन जावेद अख्तर की तरह वह भी राज्यसभा की मानद सदस्य रह चुकी हैं. साल 1997 में राष्ट्रपति द्वारा उन्हें संसद के उच्च सदन के लिए मनोनीत किया गया था. अपने व्यस्त फिल्मी करियर के बावजूद उन्होंने राज्यसभा की बैठकों में नियमित रूप से हिस्सा लिया. अपने कार्यकाल के दौरान शबाना ने मुख्य रूप से महिला अधिकारों, बाल कल्याण और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे उठाए.

इसके साथ ही उन्होंने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले और पिछड़े वर्ग के लोगों की आवाज भी संसद में बुलंद की. उन्होंने अपने सांसद निधि फंड (MPLADS) का इस्तेमाल मुंबई में सार्वजनिक जगहों को सुंदर बनाने और समुद्री किनारों के सुधार के लिए किया था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More