App

लोअर-टीशर्ट, कंधे पर गमछा और पैरों में स्लीपर...विधायक पत्नी संग चाय की टपरी पर चुस्कियां लेते दिखे सीएम हेमंत सोरेन

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन घरेलू लोअर-टीशर्ट में विधायक पत्नी के साथ चाय की टपरी पर पहुंचे. सीएम बोकारो जिले के कसमार कस्बे में रोड-साइड स्थित चाय की टपरी पर रुके और पत्नी संग चाय की चुस्कियां ली. साथ ही उन्होंने ग्रामीणों में पकौड़े भी बांटे.

लोअर-टीशर्ट, कंधे पर गमछा और पैरों में स्लीपर...विधायक पत्नी संग चाय की टपरी पर चुस्कियां लेते दिखे सीएम हेमंत सोरेन
Image Credit: विधायक पत्नी के साथ जब चाय की टपरी पर पहुंचे झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन (Photo-IANS)

धारीदार लोअर, साधारण टीशर्ट, कंधे पर गमछा और पैरों में स्लीपर. न कोई प्रोटोकॉल और न सुरक्षा का भारी-भरकम काफिला. ये थे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जो अपनी पत्नी और गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन के साथ 20 अक्टूबर, 2026 दिन मंगलवार को बोकारो जिले के कसमार कस्बे में रोड-साइड चाय-पकौड़ी की टपरी पर पहुंच गए.

सीएम ने आम लोगों के बीच करीब 10 मिनट बिताया

कसमार के तीनकोनिया चौक पर जब मुख्यमंत्री की गाड़ी ने सड़क किनारे कुणाल जायसवाल की एक छोटी सी चाय-पकौड़ी की दुकान के सामने अचानक ब्रेक लगाया तो स्थानीय लोगों के आश्चर्य का ठिकाना न रहा. उन्होंने यहां आम लोगों के बीच करीब 10 मिनट बिताया. इस दौरान उन्होंने न सिर्फ गरमा-गरम पकौड़ियों का लुत्फ उठाया, बल्कि अपने हाथों से दुकान पर मौजूद ग्रामीणों को पकौड़ी भी परोसी.

चाय की चुस्कियां लेते और पकौड़ी खाते देख लोग रोमांचित

अचानक सूबे के मुखिया को अपने बीच इस सादगी के साथ चाय की चुस्कियां लेते और पकौड़ी खाते देख लोग रोमांचित हो उठे. कसमार मुख्यमंत्री सोरेन के पैतृक गांव नेमरा से करीब 28 किलोमीटर दूर है. सोरेन अपनी मां के निधन के बाद उनकी अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों को लेकर पिछले 12 दिनों से पैतृक गांव में ही थे. सीएम का कसमार दौरा भले अनौपचारिक था, लेकिन वापसी के दौरान उन्होंने रास्ते में बहुप्रतीक्षित निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा सड़क का औचक निरीक्षण किया.

हजारों ग्रामीणों का सफर बेहद सुगम हो जाएगा

बता दें कि बरलंगा-नेमरा वाया कसमार सड़क के दो-लेन चौड़ीकरण और मजबूतीकरण को झारखंड कैबिनेट ने वर्ष 2021 में मंजूरी दी थी. इस महत्वपूर्ण सड़क और इसके दायरे में बनने वाले पुल-पुलियों के पूरा हो जाने से गोला, बरलंगा और आसपास के हजारों ग्रामीणों का सफर बेहद सुगम हो जाएगा और समय की भारी बचत होगी.

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर अधिकारियों से चर्चा की

सड़क का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री सेवाती घाटी भी पहुंचे और वहां की वस्तुस्थिति का जायजा लिया. जैसे ही मुख्यमंत्री के इस सरप्राइज विजिट की भनक स्थानीय प्रशासन को लगी, बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा भी तुरंत सेवाती घाटी पहुंच गए, जहां मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास, निर्माण कार्यों की प्रगति और जरूरी सुधारों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More