App

'ट्रेन डायवर्ट हो गई, अब बच्चों को लेकर मैं कहां जाऊं'...CJP के प्रदर्शन ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

Delhi Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली अलर्ट पर है. इस प्रदर्शन से आम लोगों को किस तरह की परेशानी हो रही है और ग्राउंड जीरो पर क्या हालात हैं, आइए जानते हैं इस आर्टिकल में...

'ट्रेन डायवर्ट हो गई, अब बच्चों को लेकर मैं कहां जाऊं'...CJP के प्रदर्शन ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
Image Credit: दिल्ली में होने वाले CJP के विरोध प्रदर्शन के चलते आम आदमी को तरह तरह की समस्या हो रही हैं...

10 अक्टूबर को राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP प्रदर्शन करने जा रही है. इस प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से मंजूरी नहीं मिली है, इसलिए दिल्ली अलर्ट मोड पर है. दिल्ली में होने जा रहे इस प्रदर्शन का असर देश के कई रेलवे स्टेशनों पर पड़ रहा है. दिल्ली में होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर आम आदमी को किस तरह की समस्याएं हो रही हैं, जानिए ग्राउंड रिपोर्ट...

भोपाल रेलवे स्टेशन पर परेशान हो रहे यात्रियों ने जी मीडिया के रिपोर्टर प्रमोद शर्मा से बातचीत के दौरान बताया, 'सर हम सुबह से स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं. हमने पहले से रिजर्वेशन करा रखा था. अब कहा गया कि मुंबई से आने वाली ट्रेन भोपाल नहीं आएगी, हमें मुरैना जाना था, लेकिन ट्रेन डायवर्ट कर दी गई है. अब मैं अपने बच्चों को लेकर कहां जाऊं? मुझे पार्टी और प्रदर्शन से कोई मतलब नहीं है, मुझे तो अपने बच्चों को लेकर घर पहुंचना है. हम 10 बजे से स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन पता चला कि ट्रेन यहां आएगी ही नहीं.'

इधर दिल्ली में सुरक्षा के लिहाज से जंतर-मंतर, टॉलस्टॉय मार्ग और जनपथ पर पुलिस और RAF के जवानों को तैनात किया गया है. आज रात 9 बजे से दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे, जबकि नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें कल कैंसिल कर दी गई हैं. रेलवे ने इन ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द किया है.

दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लंबी कतारें

दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ जुट रही है. लंबी कतारें लग गई हैं. दिल्ली से दूसरी जगहों पर जाने वाले लोग अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं. जिनको भी ट्रेन रद्द होने की जानकारी मिली है, वे हैरान हैं. शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों ने बताया कि आज दिल्ली से बाहर जाने वाली ट्रेनों में कोई रोक-टोक नहीं है, लेकिन इतना तय है कि कल जो ट्रेनें दिल्ली से रवाना होनी थीं, उनमें सवार होने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होने वाली है.

'मेट्रो बंद होने से दिक्कत तो होगी'

बाराखंभा मेट्रो स्टेशन पर मौजूद जी मीडिया के रिपोर्टर राहुल मिश्रा को यात्रियों ने बताया कि कल 57 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे. इससे दिक्कत तो होने वाली है. हालांकि कुछ यात्रियों ने लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए इस कदम को सही बताया है.

चिल्ला बॉर्डर पर सख्त पहरा

चिल्ला बॉर्डर के हालातों की जानकारी देते हुए जी मीडिया के रिपोर्टर बृजेश तिवारी ने बताया कि बॉर्डर पर बीएसएफ के जवान तैनात किए गए हैं. यहां से जंतर-मंतर करीब 11 किलोमीटर पड़ता है. यहां तगड़ी बैरिकेडिंग की गई है, रास्ते को ब्लॉक कर दिया गया है, ताकि भीड़ यहां न घुस पाए. वाहनों की सख्त चेकिंग की जा रही है. गाजीपुर बॉर्डर, सोनीपत बॉर्डर और भरतपुर बॉर्डर सील किए गए हैं. चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है.

पटना स्टेशन पर भीड़ ना के बराबर

पटना रेलवे स्टेशन पर मौजूद जी मीडिया के रिपोर्टर सत्येंद्र ने बताया कि पटना से दिल्ली जाने वाली तमाम बड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. इसी का नतीजा है कि पटना स्टेशन पर भीड़ नहीं है. सूरत में जी मीडिया के रिपोर्टर प्रशांत ने बताया कि हर दिन सूरत से हज़ारों यात्री दिल्ली जाते हैं, लेकिन दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. इसलिए स्टेशन पहुंच रहे यात्री हैरान हैं.

दिल्ली के 7 रेलवे स्टेशनों पर 334 पुलिस कर्मी तैनात

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद जी मीडिया की रिपोर्टर तान्या ने ग्राउंड के हालात बताए हैं. उन्होंने बताया कि दिल्ली के 7 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी रहने वाली है. 334 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.

10 अक्टूबर को कैसी रहेगी दिल्ली की तस्वीर?

  • दिल्ली में सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक जंतर-मंतर के पास के दोनों रेलवे स्टेशनों हजरत निजामुद्दीन और नई दिल्ली स्टेशन से ट्रेनें नहीं चलेंगी.
  • दिल्ली को दूसरे राज्यों से जोड़ने वाली सड़कों यानी बॉर्डर्स पर सख्त निगरानी रखी जा रही है.
  • दिल्ली पुलिस के 15,000 कर्मी अलग-अलग जगहों पर तैनात रहेंगे. इसके अलावा बाहर से 2,300 जवान बुलाए गए हैं, जो 8 से 12 अक्टूबर तक दिल्ली में तैनात रहेंगे.
  • 57 मेट्रो स्टेशनों पर कल यानी 10 अक्टूबर को एंट्री और एग्जिट बंद रहने वाली है.
  • दिल्ली आने वाली बसों की जांच हो रही है. जो गाड़ियां बुक हो रही हैं या किराए पर ली जा रही हैं, उनकी भी जांच हो रही है.
  • भीड़ ज्यादा हुई तो स्टेडियमों में अस्थायी हिरासत केंद्र (डिटेंशन सेंटर) की तैयारी है, ताकि लोगों को वहां डिटेन किया जा सके.
  • दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर, दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर और दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर चेकिंग की जा रही है.
  • मुख्य चुनाव आयुक्त के सरकारी आवास से लेकर चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More