App

शेषनाग झील पर JCB से खुदाई पर घमासान: 150 ट्रैकिंग ग्रुप्स उतरे सड़कों पर, महबूबा मुफ्ती ने भी खोला मोर्चा, जानिए पूरा विवाद

जम्मू कश्मीर में शेषनाग झील के पास जेसीबी दिखने के बाद घाटी में सियासत शुरू हो गई. कश्मीर से जुड़े राजनीतिक दलों के साथ ही करीब 150 ट्रैकिंग ग्रुप्स ने भी मंगलवार को प्रदर्शन किया.

शेषनाग झील पर JCB से खुदाई पर घमासान: 150 ट्रैकिंग ग्रुप्स उतरे सड़कों पर, महबूबा मुफ्ती ने भी खोला मोर्चा, जानिए पूरा विवाद
Image Credit: शेषनाग झील के पास जेसीबी दिखने के बाद घाटी में सियासत शुरू

दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में स्थित पवित्र शेषनाग झील के पास भारी मशीनरी और जेसीबी से खुदाई का वीडियो वायरल होने के बाद से विवाद शुरू हो गया है. सोशल मीडिया पर खुदाई की तस्वीरें सामने आने के बाद स्थानीय लोगों, पर्यावरण प्रेमियों और ट्रैकर्स ने इन निर्माण कार्यों पर सवाल उठाए हैं. कश्मीर घाटी के डेढ़ सौ से ज्यादा ट्रैकिंग ग्रुप्स के प्रतिनिधियों ने श्रीनगर के जबरवान इलाके में प्रदर्शन किया और मांग की कि झील के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र को बचाने के लिए काम रोका जाए. ट्रैकर्स ने कहा कि झील के किनारे मलबा डालने और भारी मशीनों के इस्तेमाल से पहाड़ों और झील का संतुलन बिगड़ सकता है. इससे निचले इलाकों में बसे लोगों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है.

गरमाई सियासत, महबूबा ने खोला मोर्चा

इस मुद्दे पर जम्मू-कश्मीर की सियासत भी गरमा गई है. पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने विधायक वहीद पारा और समर्थकों के साथ चंदनवाड़ी पहुंचीं और शेषनाग की ओर पैदल मार्च की कोशिश की. हालांकि, पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में रोक दिया, जिसकी वजह से उनकी अधिकारियों के साथ बहस भी हुई.

महबूबा ने कहा कि विकास और अमरनाथ यात्रा के नाम पर जंगलों, ग्लेशियरों और संवेदनशील जगहों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए. पीडीपी नेता मोहित भान ने भी मलबे की खुदाई और डंपिंग पर चिंता जताते हुए इसे आस्था और पर्यावरण से जुड़ा मसला बताया. उन्होंने कहा डल और वुलर झीलों के प्रदूषण का हाल दुनिया देख रही है. ऐसे में इस प्रोजेक्ट पर आगे नहीं बढ़ना चाहिए. वहीं, माकपा नेता एमवाई तारिगामी ने स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति से शेषनाग झील के आसपास हो रहे कामों की वैज्ञानिक समीक्षा कराने की मांग की. जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा बनी रहे.

बीजेपी बोली - सेलेक्टिव राजनीति हो रही

पर्यावरण विशेषज्ञ एजाज रसूल ने भी झील के आसपास निर्माण कार्यों को चिंताजनक करार दिया. उन्होंने कहा कि अल्पाइन झीलों के आसपास भारी मशीनों का इस्तेमाल संवेदनशील है. ऐसे में पर्यावरणीय प्रभाव आकलन और जियोटेक्निकल रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए, जिससे लोग और विशेषज्ञ खुद स्थिति समझ सकें.

वहीं, सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ का कहना है कि काम तय दिशा-निर्देशों और जरूरी अनुमतियों के तहत किया जा रहा है. भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने इस विरोध को सेलेक्टिव राजनीति का नमूना करार दिया है. उन्होंने कहा कि एनजीटी की मंजूरी से हो रहे इस काम का मकसद अमरनाथ यात्रियों को बेहतर सड़क और सुविधाएं देना है. जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सहारा मिलेगा.

धीरे-धीरे तूल पकड़ता दिख रहा मुद्दा

घाटी में फिलहाल सर्द मौसम की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन इस मुद्दे की वजह से राजनीति गर्म है. एक पक्ष का मानना है कि बिना पारदर्शी वैज्ञानिक आकलन के हिमालय के संवेदनशील क्षेत्र में बड़ा काम जोखिम भरा हो सकता है, जबकि दूसरे पक्ष का जोर श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर बुनियादी ढांचे पर है. चूंकि, अमरनाथ यात्रा और शेषनाग दोनों ही आस्था और प्राकृतिक पहचान से जुड़े हैं. ऐसे में इस मुद्दे का असर पूरे देश पर पड़ते देर नहीं लगेगी. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Khalid Hussain

Khalid Hussain

सैयद खालिद हुसैन जम्मू-कश्मीर के एक पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं, जिन्हें 24 वर्षों से अधिक का अनुभव है. साल 2014 से 'ज़ी न्यूज़' में चीफ  स्पेशल कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम कर रहे हैं.जी मीडिया से पहले हुसैन ने न्यूज़ 18 में नौ साल तक सीनियर कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम किया. हुसैन ने अपने करियर की शुरुआत डीडी न्यूज से की थी. हुसैन ने अपनी तालीम श्रीनगर के पब्लिक स्कूल और डीएवी हाई स्कूल से हासिल की. फिर ग्रेजुएशन तक का सफ़र एस.पी हायर सेकेंडरी स्कूल और अमर सिंह कॉलेज से पूरा किया. उसके बाद मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के लिए दिल्ली के सर अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से पूरी की. इसके अलावा हुसैन लेखक फ़िल्म/ वीडियो कैमरा का स्पेशल कोर्स एफटीआई पुणे से कर चुके हैं.  मुंबई और दिल्ली में कई साल काम करने के बाद 2004 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में काम करना शुरू किया. डीडी न्यूज़, डीडी कश्मीर, BAG फ़िल्म्स में फ्रीलांस काम किया. हुसैन पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों को बेहतरीन तरीके से कवर कर रहे हैं. लद्दाख से लेकर मुंबई तक हुसैन भारत के कई शहरों से रिपोर्टिंग कर चुके हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो