App

काशी के 84 घाटों की सदियों पुरानी कहानियां अब अपनी भाषा में सुन सकेंगे पर्यटक, बिना गाइड के जान पाएंगे पूरा इतिहास

Varanasi 84 Ghats Audio Tour: काशी के 84 घाटों की कहानियां अब पर्यटक अपनी पसंद की भाषा में सुन सकेंगे. यूपी पर्यटन विभाग ने 15 भाषाओं में जीपीएस आधारित डिजिटल ऑडियो टूर तैयार किया है. बिना गाइड और इंटरनेट के भी पर्यटक घाटों के इतिहास और धार्मिक महत्व को जान सकेंगे.

काशी के 84 घाटों की सदियों पुरानी कहानियां अब अपनी भाषा में सुन सकेंगे पर्यटक, बिना गाइड के जान पाएंगे पूरा इतिहास
Image Credit: Varanasi 84 Ghats Audio Tour

Varanasi Tourism: अगर आप काशी घूमने जा रहे हैं और गंगा के घाटों का इतिहास जानना चाहते हैं, तो अब इसके लिए गाइड की जरूरत नहीं पड़ेगी. आपका मोबाइल ही आपको घाटों की सदियों पुरानी कहानियां सुनाएगा. खास बात यह है कि आप इन कहानियों को अपनी पसंद की भाषा में सुन सकेंगे. उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने काशी के सभी 84 घाटों के लिए जीपीएस आधारित डिजिटल ऑडियो टूर तैयार किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की इस पहल का मकसद काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाना है.

हर घाट की अलग कहानी सुनाएगा मोबाइल

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक ऑडियो टूर' में सभी 84 घाटों के लिए अलग-अलग ऑडियो अध्याय तैयार किए गए हैं. इनमें हर घाट के इतिहास, धार्मिक मान्यताओं, पौराणिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी गई है.

पर्यटक पैदल घाटों का भ्रमण करते हुए या गंगा में नाव की सवारी के दौरान इन कहानियों को सुन सकेंगे. इसके लिए उन्हें यूपी टूरिज्म के आधिकारिक मोबाइल एप का इस्तेमाल करना होगा.

घाट पर पहुंचते ही अपने आप शुरू होगा ऑडियो

इस डिजिटल ऑडियो टूर की सबसे बड़ी खासियत इसकी जीपीएस तकनीक है. पर्यटक जैसे ही किसी घाट पर पहुंचेंगे, मोबाइल एप उनकी लोकेशन पहचान लेगा. इसके बाद संबंधित घाट की कहानी अपने आप चलने लगेगी.

निर्धारित स्थान से दूर जाने पर ऑडियो रुक सकता है और दोबारा वहां पहुंचने पर फिर शुरू हो सकता है. इसके अलावा पर्यटक अपनी पसंद का घाट चुनकर भी उसकी कहानी सुन सकेंगे.

ऑडियो के साथ घाटों की तस्वीरें, लिखित जानकारी और इंटरैक्टिव मैप भी उपलब्ध होंगे. पर्यटक अपनी सुविधानुसार ऑडियो रोक सकेंगे और अगले घाट की जानकारी सुन सकेंगे.

हिंदी-अंग्रेजी समेत 15 भाषाओं में मिलेगी सुविधा

देशी और विदेशी पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस डिजिटल ऑडियो टूर को 15 भाषाओं में तैयार किया गया है. इनमें हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम, उर्दू, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषा शामिल हैं.

पैदल भ्रमण और नाव से यात्रा करने के दोनों विकल्प सभी 15 भाषाओं में उपलब्ध होंगे. इससे अलग-अलग राज्यों और देशों से आने वाले पर्यटक अपनी भाषा में काशी की विरासत को समझ सकेंगे.

इंटरनेट नहीं होने पर भी सुन सकेंगे कहानियां

पर्यटकों को ऑडियो टूर पहले से डाउनलोड करने की सुविधा भी दी गई है. ऐसे में घाटों पर घूमने के दौरान लगातार इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं पड़ेगी.

एप पर उन घाटों का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा, जिनका पर्यटक भ्रमण कर चुके हैं. यदि कोई पर्यटक बीच में अपनी यात्रा रोक देता है, तो अगली बार वहीं से ऑडियो टूर शुरू कर सकेगा, जहां उसने पिछली बार छोड़ा था.

घर बैठे भी जान सकेंगे काशी का इतिहास

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए काशी जाना जरूरी नहीं है. देश-दुनिया के किसी भी हिस्से में बैठकर लोग गंगा के 84 घाटों की कहानियां सुन सकेंगे. यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए भी उपयोगी होगी, जो किसी कारण से काशी नहीं पहुंच पाते हैं.

कैसे करें डिजिटल ऑडियो टूर का इस्तेमाल?

अपने एंड्रॉयड या आईओएस मोबाइल पर यूपी टूरिज्म का आधिकारिक एप खोलें.

'वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक ऑडियो टूर' का विकल्प चुनें.

अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें.

पैदल भ्रमण या नाव यात्रा का विकल्प चुनें.

घाट पर पहुंचकर 'स्टार्ट टूर एट लोकेशन' विकल्प का इस्तेमाल करें.

ऑफलाइन या घर बैठे कहानियां सुनने के लिए 'इनेबल ऑफलाइन/रिमोट टूर' विकल्प चुनें.

यह सुविधा यूपी टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगी. खास बात यह है कि इसका इस्तेमाल करने के लिए पर्यटकों को कोई अकाउंट बनाने या लॉगिन करने की जरूरत नहीं होगी.

--आईएएनएस

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो