)
मशहूर टीवी एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन आज किसी पहचान की मोहताज नहीं है. एक्ट्रेस ने अपनी शानदार एक्टिंग के डीएम पर इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है. एक्ट्रेस अक्सर सोशल मीडिया पर अपने अपडेट शेयर करती हैं. लेकिन हाल ही में जैस्मिन भसीन अपनी लेटेस्ट तस्वीरों के चलते चर्चा में आ गई हैं. जिसके बाद एक्ट्रेस ने ट्रोल्स को करारा जवाब दिया है.
हाल ही में सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें शेयर की, जिन्हें देखकर लोगों ने उनके चेहरे के नैन-नक्श में बदलाव को लेकर तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए. कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या उन्होंने कॉस्मेटिक सर्जरी या कोई और कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट लिया है. इस पर जैस्मीन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए जवाब दिया. इन अटकलों को खारिज करते हुए जैस्मीन ने बताया कि कई कारणों जैसे बार-बार ट्रेवल, पूरी नींद न मिलना और थकान और साइनस की समस्या से उनका लुक अलग-अलग दिनों में अलग दिख सकता है.
कुछ समय पहले जैस्मीन भसीन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने हाल ही में हो रही ट्रोलिंग को लेकर लोगों को आड़े हाथों लिया. उन्होंने बताया कि मेकअप, वजन में उतार-चढ़ाव और रोजमर्रा की अन्य चीजें उनके लुक पर असर डाल सकती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनका चेहरा कोई परमानेंट इंस्टाग्राम फिल्टर नहीं है.
उन्होंने लिखा, 'तो ऐसा लगता है कि जब भी मेरा चेहरा थोड़ा अलग दिखता है, तो लोगों को लगता है कि मैंने कोई नई प्लास्टिक सर्जरी करवा ली है. दोस्तों, शांत हो जाइए! मैं ट्रेवल करती हूं, मेरी नींद पूरी नहीं होती, मैं अलग-अलग मेकअप आर्टिस्ट के साथ काम करती हूं. मेरे साइनस में सूजन आ जाती है, मैं थक जाती हूं. मैंने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग शुरू की है और मेरा वजन भी थोड़ा बढ़ गया है.' जैस्मीन ने लगातार हो रही इस जांच-पड़ताल पर मजाकिया अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि उनका लुक स्वाभाविक रूप से हर दिन बदलता रहता है. उन्होंने बताया कि कभी-कभी उनका चेहरा ज्यादा शार्प दिख सकता है, तो कभी यह सूजा हुआ या थका हुआ लग सकता है. अपनी बात में थोड़ा मजाक जोड़ते हुए उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी तो ऐसा भी होता है कि उनका मेकअप भी ठीक से सेट नहीं हो पाता.

उन्होंने आगे कहा, 'और ये 'प्लास्टिक सर्जरी' वाली बातें… यार, प्लास्टिक सर्जरी करवाने के लिए भी तो समय चाहिए होता है! मैं असल में खून, मांस, मांसपेशियों और हड्डियों से बनी हूं . मुझे अलग-अलग दिनों पर अलग दिखना अलाउड है. और सच कहूं तो? मुझे अपना चेहरा पसंद है. मुझे अपना शरीर पसंद है. मैं खुद से प्यार करती हूं. अपने लुक से खुश रहने के लिए मुझे हर दिन एकदम परफेक्ट दिखने की जरूरत नहीं है. इसलिए प्लीज… इस इंसान को जरा सांस तो लेने दो.'
बता दें कि कोलकाता में राघव शर्मा के भाई की शादी के जश्न की तस्वीरें पोस्ट करने के बाद जैस्मिन के लुक को लेकर चर्चा शुरू हो गई. सोशल मीडिया के कई यूजर्स ने उनके चेहरे के नैन-नक्श में आए साफ बदलाव पर टिप्पणी की, जबकि कुछ लोगों ने बोटोक्स और फिलर्स जैसे कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट लेने का अनुमान लगाया. यह चर्चा जल्द ही रेडिट पर भी पहुंच गई. जहां यूजर्स ने उनके लुक को लेकर अलग-अलग राय रखी. कुछ लोगों ने सोचा कि क्या उन्होंने कोई कॉस्मेटिक प्रोसीजर करवाया है, जबकि कुछ का मानना था कि यह बदलाव मेकअप या चेहरे पर आई अस्थायी सूजन की वजह से हो सकता है.