)
घर में सुख शांति बनी रहे और किसी तरह का दोष घर को छू न सके, इसके लिए जरूरी है कि घर वास्तु अनुसार बनाया गया हो. लेकिन अगर घर बन चुका है तो गृह प्रवेश के समय कुछ वास्तु नियमों का ध्यान रखें. छोटे-छोटे वास्तु टिप्स को अपनाने से घर की ऊर्जा सकारात्मक हो सकती है और घर में रहने वाले लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि आ सकती है. ध्यान दें, नया घर केवल ईंट और पत्थर का ढांचा नहीं बल्कि एक ऐसी जगह होती है जहां प्रवेश करके पूरी जिंदगी बिताई जाती है. ऐसे में आइए वास्तु शास्त्र के अनुसार जानें कि नए घर में प्रवेश करने से पहले किन जरूरी वास्तु उपायों के बारे में जानें.
वास्तु शास्त्र में गृह प्रवेश का बड़ा महत्व है. जब भी आप नए घर में प्रवेश करने जा रहे हैं, इसके लिए शुभ तिथि और शुभ मुहूर्त का जरूर ध्यान में रखें. इसके लिए अपने ज्योतिषाचार्य से जरूर सलाह ले लें. अशुभ या बिना शुभ मुहूर्त के गृह प्रवेश करने से घर में वास्तु दोष भी लग सकता है.
मेन गेट ही है जो सकारात्मक और नकारात्मक ऊर्जा को घर की ओर खींचता है. ऐसे में जब भी गृह प्रवेश करें या नए घर में रहना शुरू करें प्रवेश द्वार को यानी घर के मेन गेट को अच्छे से सजा लें. गृह प्रवेश करने से पहले मेन गेट को फूलों से और अशोक के पत्तों से बने तोरण से सजाएं. चौखट पर रंगोली बनाएं और दीया जलाएं. ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि आएगी और शांति बनी रहेगी.
नए घर में प्रवेश करते ही सबसे पहले एक जरूर उपाय करें. घर में भगवान गणेश की पूजा करें और तांबे या मिट्टी के कलश में जल भरें व नारियल और आम के पत्ते रखकर उसकी स्थापना करें. नए घर में प्रवेश कर सबसे पहले इस धार्मिक उपाय को करें, इससे घर में रहने वाले लोगों की हमेशा ही तरक्की होती है.
वास्तु शास्त्र के अनुसार नए घर में प्रवेश करने के बाद पहली बार रसोई में कुछ मीठा बनाएं. जैसे खीर या हलवा, इससे पारिवारिक रिश्ते में मिठास बनी रहेगी.
(Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी और मान्यताओं पर आधारित है, इसे धार्मिक सलाह न मानें, कोई भी उपाय अपनाने से पहले विशेषज्ञ या ज्योतिषाचार्य से सलाह अवश्य लें, समझदारी से निर्णय लें.)