)
Ghaziabad Crime News: करोड़ों की संपत्ति का मालिक, गोवा में रिजॉर्ट और खाटू श्याम में पांच होटल होने का दावा... कुछ इसी तरह की पहचान बताकर महिलाओं को शादी के जाल में फंसाने के आरोपी नरेंद्र शर्मा को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है. 35 वर्षीय नरेंद्र पर एक-दो नहीं, बल्कि 15 महिलाओं से शादी करने का आरोप है. इतना ही नहीं, शादी के बाद महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये ऐंठने का भी आरोप है. उसके कथित ठगी के जाल के तार दिल्ली-एनसीआर से लेकर राजस्थान और महाराष्ट्र तक जुड़े हैं.
मैट्रिमोनियल साइट पर तलाशता था महिलाएं
मिली जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र शर्मा मैट्रिमोनियल साइट पर शादी के लिए महिलाओं की तलाश करता था. वह खुद को करोड़ों की संपत्ति का मालिक बताता था. महिलाओं को भरोसे में लेने के लिए गोवा में रिजॉर्ट और खाटू श्याम में पांच होटल होने का दावा करता था. आरोप है कि लग्जरी लाइफ और झूठी पहचान दिखाकर वह महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था.
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लिए 18 लाख रुपये
मेरठ की एक पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद नरेंद्र ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर उससे करीब 18 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए थे. जब महिला को शक हुआ तो उसे पता चला कि आरोपी दूसरी महिलाओं के साथ भी इसी तरह रिश्ते बना रहा था. इसके अलावा अलग-अलग शहरों में महिलाओं को किराये के फ्लैट में रखने की बात भी सामने आई है.
शादी के बाद ब्लैकमेल करने का आरोप
नरेंद्र शर्मा पर शादी के बाद महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने और पैसे ऐंठने का भी आरोप है. फिलहाल गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अब सवाल यह है कि मैट्रिमोनियल साइट पर झूठी पहचान के सहारे महिलाओं को निशाना बनाने वाला नरेंद्र आखिर कितनी महिलाओं के साथ ठगी कर चुका है. इसकी पूरी तस्वीर सामने आना अभी बाकी है.
वैभव शर्मा की रिपोर्ट