)
सोशल मीडिया पर सोमवार से एक वीडियो वायरल है, जिसमें कश्मीर घाटी में शेषनाग झील के किनारे जेसीबी मशीन काम करती हुई दिखाई दी. यह फुटेज सबसे पहले एक खुदाई मशीन ऑपरेटर के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया गया. इसमें भारी मशीनरी को झील के किनारे खुदाई करते और मिट्टी डालते हुए देखा जा सकता है. जल्द ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पूरे कश्मीर में चिंता फैल गई.
जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने इस पर विरोध जताते हुए मंगलवार को शेषनाग झील जाने की कोशिश की. उनके साथ पार्टी विधायक मुफ्ती के साथ विधायक वहीद पारा, आगा मुंतजिर और शब्बीर मीर भी थे लेकिन रास्ते में सुरक्षाबलों ने उन्हें रोक लिया. इस पर उनकी जवानों के साथ बहस भी हुई. महबूबा मुफ्ती ने काम रोकने की मांग करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से तीखे सवाल पूछे.
महबूबा ने कहा, 'उन्होंने उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया. इसके बाद नेपाल आपदा से भी कोई सबक नहीं सीखा. अब वे यही काम जम्मू-कश्मीर में कर रहे हैं. अगर शेषनाग झील ही नहीं रहेगी, तो शिवलिंग कैसे बनेगा. आज जो कुछ छिपाया जा रहा है, वह कल एक मानव-निर्मित आपदा बन सकता है.'
जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम ने मांग की कि अमरनाथ गुफा, यात्रा मार्ग और आसपास के पहाड़ों को एक संपूर्ण इकोलॉजिकल इकाई के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए. अगर झील ही नहीं रहेगी, तो शिवलिंग कैसे बनेगा?
वहीं, बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन ने इन आरोपों का खंडन किया है. संगठन का कहना है कि यह काम केवल अमरनाथ यात्रा के बाद रास्ते को चौड़ा करने और मौजूदा हिस्सों को स्थिर करने के लिए किया जा रहा है. इसका मकसद भीड़ के दबाव से निपटना और तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करना है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि काम केवल मौजूदा रास्तों तक ही सीमित है, इसमें सुरक्षा नियमों और पर्यावरण संबंधी सावधानियों का पालन किया जा रहा है, खुदाई से निकली सामग्री को सुरक्षित तरीके से हटाने और प्राकृतिक जल निकासी को बचाने के उपाय किए गए हैं. बीआरओ ने झील के आसपास नए निर्माण के दावों को भी गलत बताया. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि पारंपरिक रास्ते की जगह कोई पक्की मोटर-सड़क नहीं बनाई जा रही है.
बताते चलें कि शेषनाग झील पहलगाम रूट के जरिए श्री अमरनाथ यात्रा का अहम पड़ाव होती है. यह झील करीब लगभग 3590 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. पहलगाम बेस कैंप से पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान करते वक्त यात्री शेषनाग के पास बनने वाली टेंट सिटी में रात को विश्राम करते हैं.
हिंदू परंपरा में शेषनाग को पवित्र स्थान माना गया है. मान्यता है कि जब भोलेनाथ, माता पार्वती को अमरकथा सुनाने के लिए गुफा की ओर जा रहे थे तो उन्होंने इसी जगह पर अपने गले में मौजूद शेषनाग को छोड़ दिया था. इस जगह के चारों ओर ऊंची बर्फीली चोटियां हैं, जिनसे पिघलने वाली बर्फ से इस झील का निर्माण होता है. यह झील प्रदेश की उन 14 उच्च-जोखिम वाली हिमनद झीलों में से एक है, जिनकी लगातार निगरानी की जाती है.
यह झील लगभग एक किलोमीटर लंबी और 0.7 किलोमीटर चौड़ी है. इस झील से निकलने वाली जलधारा बाद में लिद्दर नदी न जाती है, जो दक्षिण कश्मीर में सिंचाई और पीने के पानी का बहुत बड़ा साधन है.