App

शादी के कार्ड छपे, लॉज बुक हुआ... और आ गई शहादत की खबर; विवाह से 8 दिन पहले देश के लिए कुर्बान हुआ सेना का जवान

जिस घर में कुछ दिनों बाद खुशियां बिखरनी थी, वहां पर अब दुख का पहाड़ टूटा हुआ है. अलीगढ़ के रहने वाले सेना के जवान करन चौधरी जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से लड़ते हुए शहीद हो गए. उनकी 8 दिन बाद शादी होनी थी.

शादी के कार्ड छपे, लॉज बुक हुआ... और आ गई शहादत की खबर; विवाह से 8 दिन पहले देश के लिए कुर्बान हुआ सेना का जवान
Image Credit: सेना के जवान करन चौधरी शादी से महज 8 दिन पहले देश के लिए शहीद हो गए

यूपी में अलीगढ़ के सिरसा गांव में जहां अगले एक हफ्ते में खुशियां बिखरनी थी, वहां पर अब मातम पसरा हुआ है. शादी से महज 8 दिन पहले दूल्हा करन चौधरी उर्फ सौरभ (26 वर्ष) देश के लिए शहीद हो गया. भारतीय सेना के जवान करन की तैनाती जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में बेसपॉइंट लोहलाम सौगाव में थी. जैसे ही उसकी मौत की खबर परिवार को मिली, वहां पर हड़कंप मच गया. करन चौधरी की मौत से दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं.

करन और कल्पना की 24 नवंबर को होनी थी शादी

रिपोर्ट के मुताबिक, करन चौधरी और कल्पना की शादी 24 नवंबर को होनी थी. इसके लिए 16 अप्रैल को गोद भराई की रस्म हुई थी. अब लग्न और सगाई की रस्मों की तैयारी चल रही थी. बेटी की शादी के लिए कल्पना के पिता ने सोने के जेवर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर तक खरीद लिया था. वहीं, करन चौधरी 17 नवंबर को छुट्टियां लेकर गांव आने वाले थे.

शादी से महज 8 दिन पहले परिवार में पसर गया मातम

शादी के कार्ड रिश्तेदारों में बंट चुके थे, लॉज भी बुक करवा लिया गया था. लेकिन शादी से महज 8 दिन पहले जवान करन की मौत की खबर ने सब कुछ बदल दिया. करन के गांव सिरसा में मातम और रुदन पसरा है. जिस घर से बेटी की डोली उठनी थी, वहां अब मातम पसरा है.

करन चौधरी का पार्थिव शरीर मंगलवार दोपहर को श्रीनगर से दिल्ली पहुंच गया, जहां से उसे एंबुलेंस के जरिए अतरौली ले जाया जाएगा. वहां पर सेना की टुकड़ी सलामी देगी, जिसके बाद राजकीय सम्मान के साथ सैन्य वाहन से पार्थिव शरीर को सिरसा गांव ले जाया जाएगा. उनका पार्थिव शरीर पहुंचने से पहले ही करन के घर पर गांव के लोग और रिश्तेदार जुट चुके हैं.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

पुलिस की टीम भी व्यवस्था संभालने और शहीद को सलामी देने के लिए गांव में पहुंची हुई है. शहीद करन चौधरी के पिता पप्पू ड्राइवर हैं, जबकि बड़े भाई संजय चौधरी सेना में हवलदार हैं. करन के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. किसी को यकीन नहीं हो रहा कि उनका बहादुर शेर अब इस दुनिया में नहीं रहा. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More