)
सीधी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक व्यक्ति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी हैं. उसने पहले अपनी पत्नी के मुंह में चाकू डालकर हमला किया, फिर अपनी ही 6 वर्षीय मासूम बेटी का गला रेत दिया. इस घटना में दोनों मां और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं.
दोनों घायलों को इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. जहां पर इलाज के दौरान मासूम बच्ची ने दम तोड़ दिया. जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद आरोपी पति ने खुद का गला काटने का भी प्रयास किया. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, यह दिल दहला देने वाली घटना सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ममदर गांव की बताई जा रही है. पता चला है कि आरोपी पति रात करीब 12 बजे घर पहुंचा था. घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ. देखते ही देखते विवाद खूनी वारदात में बदल गया.
ये भी पढ़ेंः खून से लथपथ थी एयर होस्टेस, पर आरोपी को खरोंच तक नहीं! फिर कैसे हुआ वर्षा का मर्डर, परिवार ने किए चौंकाने वाले खुलासे
परिजनों का आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के मुंह में चाकू डालकर उस पर जानलेवा हमला किया. पत्नी किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागी, तो आरोपी ने अपनी ही 6 वर्षीय बेटी पर हमला कर उसका गला रेत दिया. घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल मां और बेटी को उपचार के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम बच्ची को बचाया नहीं जा सका.
वहीं पत्नी का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद का गला काटकर आत्महत्या करने का भी प्रयास किया. घटना की सूचना मिलते ही रामपुर नैकिन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ेंः दमोह में अपनों ने ही की 10 साल के मासूम की हत्या? 10 दिन बाद ऐसे हुई पहचान, परिजनों ने की CBI जांच की मांग
रामपुर नैकिन थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय का कहना है कि देर रात गांव ममदर में पत्नी और बच्ची पर जानलेवा हमले की सूचना मिली थी. दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए रीवा के लिए रेफर किया गया था. इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई है, जबकि पत्नी का इलाज किया जा रहा है. वहीं उन्होंने आगें बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
(रिपोर्टः आदर्श गौतम, सीधी)