)
मध्य प्रदेश के दमोह जिले में 10 नवंबर से लापता 10 साल के मासूम का शव मिलने के बाद परिवार में मातम फैल गया है. इसके बाद से इलाके में सनसनी का माहौल है. एक मासूम की मौत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है और फिर एक बार जिले में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं. क्योंकि इस मामले में पीड़ित परिवार को पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा नहीं है. वहीं परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग की है.
दरअसल, यह पूरा मामला मामला जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के गूडा गांव का बताया जा रहा है. इस गांव से 10 साल का दलित वर्ग का बच्चा अभिषेक अहिरवाल 10 नवंबर को अचानक लापता हो गया. परिजन अभिषेक की तलाश करते रहे, लेकिन वह नहीं मिला. उसके बाद परिजनों ने तेजगढ़ थाने के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
परिवार और गांव के लोग मासूम की तलाश करते रहे लेकिन वो नहीं मिला. पीड़ित के परिवार ने दो दिन पहले एसपी ऑफिस आकर बच्चे की तलाश में तेजी को लेकर अपील की. लेकिन सोमवार दोपहर बाद लापता अभिषेक का शव क्षत विक्षत अवस्था में गांव के ही स्कूल के पास खेत में मिला. बच्चे का शव पूरी तरह से सड़ चुका था. इसके चलते शव की लोग शिनाख्त भी नहीं कर पा रहे थे, लेकिन अभिषेक के पिता ने उसके लोअर और चप्पलों के जरिए पहचान कर ली.
शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी में रखवाया गया और मंगलवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाना था, लेकिन परिजनों को दमोह के डॉक्टर्स पर यकीन नहीं हैं लिहाजा अब मेडिकल कालेज के डॉक्टर्स उसका पोस्टमार्टम करेंगे. इस बीच मृतक के परिजनों ने फिर कलेक्टर एसपी का दरवाजा खटखटाया और इसे हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है.
ये भी पढ़ेंः खून से लथपथ थी एयर होस्टेस, पर आरोपी को खरोंच तक नहीं! फिर कैसे हुआ वर्षा का मर्डर, परिवार ने किए चौंकाने वाले खुलासे
मृतक के पिता बहादुर अहिरवाल का कहना है कि उन्हें अपने ही एक करीबी रिश्तेदार पर शक है कि उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है. उन्होंने कहा कि एक मासूम की संदिग्ध मौत ने पुलिस की नींद भी उड़ा दी है. सोमवार को जिले के एडिशनल एसपी ने मौके का मुआयना किया तो मंगलवार को खुद एसपी मौकाए वारदात पर पहुंचे और उन्होंने लम्बी पूंछताछ की है.
इस मामले में एडिशनल एसपी सुजीत भदौरिया का कहना है कि मामला संदिग्ध है. इसलिए हर एंगल से जांच की जा रही है और जांच में जो भी सामने आएगा. उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं दलित वर्ग के इस मासूम की मौत को लेकर सियासी लोग भी आगे आए है. उन्होंने सीबीआई जांच की मांग के साथ पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग भी की है.
(रिपोर्टः महेंद्र दुबे, दमोह)