)
दिवाली की छुट्टियां मनाने के लिए अपने मायके आई पुणे की एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की शनिवार को बर्बर तरीके से हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड के बाद से मध्य प्रदेश में बालाघाट जिले के किन्ही गांव में मातम पसरा हुआ है. परिवार समेत किसी को भी यकीन नहीं हो रहा कि उनकी लाडली बेटी वर्षा अब लौटकर कभी भी घर नहीं आएगी. जी न्यूज के रिपोर्टर प्रमोद शर्मा हत्याकांड की पड़ताल के लिए सोमवार को किन्ही गांव पहुंचे तो उन्हें कई चौंकाने वाली जानकारियां मिलीं.
वारदात के बाद मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र पुलिस, दोनों मिलकर घटना की जांच कर रही हैं. लेकिन परिवार वाले इस जांच से परिवार वाले खुश नहीं हैं. उन्होंने वर्षा के साथ घूमने गए नितेश अग्रवाल पर कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि पैसों के लिए नितेश ने ही उनकी बेटी को बेरहमी से मारा.
परिवार का कहना है कि नितेश झूठ बोल रहा है. वारदात के बाद जब वर्षा के जीजा उसे घायल अवस्था में अस्पताल लेकर गए तो नितेश ने वहां बताया कि एक्सिडेंट में वह बुरी तरह घायल हो गई. बाद में उसने नई कहानी गढ़ी और दावा किया कि नकाबपोश लुटेरों ने उन पर अटैक किया और पैसों के लिए वर्षा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी.
फैमिली के इन आरोपों को मध्य प्रदेश पुलिस की अभी तक की जांच भी सपोर्ट करती हुई दिख रही है. पुलिस का कहना है कि वर्षा के शरीर पर लगे घाव साफ इशारा कर रहे हैं कि मर्डर करने वाला हत्यारा एक ही व्यक्ति था.
परिजनों का कहना है कि दिवाली की छुट्टियां मनाने मायके आई वर्षा तुरकर 14 नवंबर को गोंदिया के रहने वाले अपने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ कार से महाराष्ट्र के जंगल बोन्द्ररानी घूमने गई थी. वहीं पर उस पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई. नितेश का कहना है कि नकाबपोश लुटेरों ने लूट के लिए उन पर हमला किया, लेकिन हैरत की बात है कि इस वारदात में नितेश को एक भी चोट नहीं आई.
जी न्यूज के रिपोर्टर प्रमोद शर्मा मामले की पड़ताल करते हुए सोमवार को किन्ही गांव में पहुंचे. वहां पर मृतक वर्षा की छोटी बहिन के पति डॉक्टर अश्विनी पटले ने जो खुलासे किए, वे वो चौकाने वाले थे. अश्विनी ने बताया, '14 नवंबर को शाम 5.33 बजे मेरे पास नितेश का फोन आया कि उसके और वर्षा के ऊपर नकाबपोश हमलावरों ने अटैक किया है. जल्दी आ जाओ.'
'जब मैं साथियों के साथ गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा तो वर्षा खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि नितेश के शरीर पर एक भी घाव या चोट नहीं थी. वर्षा को हम तुरंत खैरलांची अस्पताल लेकर भागे. अस्पताल नजदीक आते ही नितेश ने मुझसे कहा कि अस्पताल में बताना कि वर्षा का एक्सीडेंट हुआ है वरना वे इलाज नहीं करेंगे. मैंने अस्पताल वालो को यह सच्चाई बताई.'
वहीं, वर्षा के भाई राजेश तुरकर ने कहा, 'प्लानिंग के तहत मेरी बहन की हत्या की गई है. मेरी बहन को नितेश से पैसे लेने थे. लंबे समय से वो उससे अपने पैसों का तकादा कर रही थी, लेकिन वो पैसे देने से आना-कानी कर रहा था. पैसे डकारने के लिए उसने योजना बनाकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया. आज तीन दिन हो गए पुलिस की जांच नहीं दिख रही है. नितेश रसूख वाला है, वो जांच को प्रभावित कर रहा है.'
अपनी लाडली बेटी वर्षा की मौत से टूट चुके उनके पिता घोरन लाल तुरकर भी हताश दिखे. बेटी को याद करके भावुक हो रहे घोरन लाल तुरकर ने कहा कि नितेश बड़ा आदमी है. वो जांच को प्रभावित कर रहा है. मुझे न्याय चाहिए.
घर में वर्षा तुरकर की मां ओर दूसरे परिजनों का भी रो-रो कर बुरा हाल है. छोटी बहन, जो मौत वाले दिन वर्षा के साथ दुकान गई थी. उसने भी घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया. उसने बताया, उस दिन नितेश दुकान पर आया और बोला- वर्षा चलो कहीं घूमकर आते है. बाद में उसने जंगल में ले जाकर मेरी बहन की हत्या कर दी. ये लूट का नहीं, हत्या का मामला है. नितेश की नीयत वर्षा को पैसे देने की नहीं थी.
परिवार के लोग अब चीख-चीखकर न्याय की मांग कर रहे हैं. वहीं, वर्षा की ढाई साल की बेटी अपनी मां की मौत के बाद से गुमसुम है. वर्षा तुरकर ने अंतर-धार्मिक विवाह किया था. उनके पति सफीक सैय्यद ने आरोप लगाया कि नितेश लगातार वर्षा को फोन लगाकर परेशान कर रहा था. वो हमें भी धमकियां दी रहा था.
उन्होंने कहा कि नितेश ने वर्षा से 20 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसे वह वापस नहीं लौटाना चाहता था. सफीक ने कहा कि नितेश पैसे वाला आदमी है. वो पैसे के बल पर उन्हें भी फंसा सकता है और राजनीति का इस्तेमाल करके केस को उलझा सकता है.
फिलहाल, जिस कार में बिठाकर नितेश उस दिन वर्षा को लेकर गया था, वो अब बालाघाट के खैरलांजी थाने में खड़ी है. थाने के जांच अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है. शरीर पर मिली चोटों से साफ है कि हत्यारा एक ही व्यक्ति है. जांच अधिकारी ने यह भी कहा कि नितेश ने यह बात झूठ बोली थी कि उसके साथ लूट हुई, जबकि ऐसा होने का कोई सबूत ही नहीं मिला.
चूंकि वर्षा तुरकर की हत्या महाराष्ट्र की सीमा में हुई थी, इसलिए कानूनी रूप से मामले की जांच महाराष्ट्र पुलिस कर रही है. महाराष्ट्र के गोंदिया थाना प्रभारी प्रशांत भूते ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच चल रही है. जल्द ही पूरे मामले के ऊपर से पर्दा उठा दिया जाएगा.