)
गोवा की एयर होस्टेस वर्षा तुर्कर हत्याकांड में अब बड़ा मोड़ आ गया है. महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले में मृतका वर्षा तुर्कर के दोस्त नितेश अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का दावा है कि नितेश अग्रवाल ने वर्षा के साथ लूटपाट की झूठी कहानी रची है. पुलिस के मुताबिक, नितेश ने बताया था कि जंगल में नकाबपोश अज्ञात लोगों ने उन पर हमला किया और लूटपाट की थी. नितेश के अनुसार, हमलावरों ने लूटपाट के दौरान वर्षा पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी. पुलिस ने इस कहानी को पूरी तरह से फर्जी बताया है. पुलिस का कहना है कि लूटपाट के दौरान हमलावरों ने वर्षा पर धारदार हथियार से हमला किया, लेकिन एक हिंसक हमले का दावा करने के बावजूद नितेश अग्रवाल को कोई चोट नहीं आई थी.
नितेश पर शक क्यों कर रही पुलिस?
बता दें कि वर्षा पुणे में एयर होस्टेस का काम करती थी और पुणे में ही रहती थी. वह दिवाली की छुट्टियां मनाने के लिए अपनी बेटी के साथ मायके आई थी. यहां वह अपने दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ वैनगंगा नदी के किनारे घूमने गई थी. पुलिस के अनुसार, वर्षा शनिवार शाम करीब 4:00 बजे घर से निकली थी और अपने दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ वैनगंगा नदी के किनारे गई थी. कुछ घंटों बाद ही नितेश ने वर्षा के परिवार को जानलेवा हमला होने की जानकारी दी. जब परिजन घटनास्थल पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि वर्षा की पीठ पर चाकुओं से वार किया गया था और उसके शरीर से बहुत अधिक खून बह रहा था. उसे तुरंत एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था.
वर्षा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर वर्षा के साथ नितेश भी मौजूद था. लूटपाट की घटना में हमलावरों ने वर्षा पर जानलेवा हमला किया, लेकिन नितेश को एक भी खरोंच नहीं आई. यह विवादास्पद लगता है. पुलिस को नितेश के विरोधाभासी बयानों पर शक हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब वर्षा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट काफी हद तक स्थिति को साफ कर सकती है.
दो साल पहले हुई थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, वर्षा ने साल 2024 में गोंदिया निवासी समर सैयद के साथ प्रेम विवाह किया था. समर सैयद मध्य प्रदेश के इंदौर में रहते हैं और वहीं पर एक एयरलाइन कंपनी में काम करते हैं. दोनों की एक बेटी है. गोवा की एयरलाइन में काम करने के कारण वर्षा अपनी बेटी के साथ गोवा में ही रहती थी और शादी के बाद पहली बार मायके वापस आई थी. वह अपने परिवार के साथ दिवाली सेलीब्रेट करने के लिए आई थी, लेकिन यहां उसकी बड़ी निर्ममता से हत्या कर दी गई.