)
राहुल गांधी अमेरिका जा रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच चुके हैं. जहां पर उनको कल भारत-आसियान समिट में हिस्सा लेना है. देश और पूरी दुनिया के लिहाज से ये नया सप्ताह बहुत महत्वपूर्ण है. इस हफ्ते दुनिया के ताकतवर और महत्वपूर्ण देश अलग-अलग बैठकों में मिलेंगे और दुनिया को प्रभावित करने वाले फैसलों पर मंथन करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मनीला में तीन महत्वपूर्ण समिट में हिस्सा लेंगे.
आज आपको जानना चाहिए भारत इन बैठकों के दौरान वैश्विक नेताओं के साथ किन-किन मुद्दों पर मंथन करने जा रहा है, जिसका असर इस पूरे क्षेत्र पर पड़ेगा. आज आपको समझना चाहिए, फिलीपींस की राजधानी मनीला के अलावा चीन में ऐसा कौन सा अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिस पर पूरी दुनिया की नजर है और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन जाने से पहले मनीला में चीन के खिलाफ कौन सा कूटनीतिक दांव खेलने वाले हैं, लेकिन सबसे पहले आपको मनीला से लेकर चीन तक होने वाली बैठकों के बारे में जानना चाहिए, जो एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं और ग्लोबल पॉलिटिक्स पर बड़ा असर डालने वाली हैं.
#DNAमित्रों | मोदी-ट्रंप-जिनपिंग-पुतिन..3 बड़ी मीटिंग QUAD की बैठक में मोदी-ट्रंप साथ बैठेंगे? अगले 3 दिन.. दुनिया के लिए अहम क्यों? #DNA #DNAWithRahulSinha #PMModi #Philippines #Manila #ASEANSummit2026 @rahulsinhatv https://t.co/zkFLaRKYhi
— Zee News (@ZeeNews) November 16, 2026
चीन के शेनझेन में ही अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्राध्यक्ष अलग से भी बैठक करने वाले हैं. इस त्रिपक्षीय बैठक का मुख्य मुद्दा परमाणु हथियार होंगे. इसीलिए इसे अनौपचारिक रूप से परमाणु समिट भी कहा जा रहा है और सारी दुनिया की नजर ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की होने वाली मुलाकात पर भी टिकी है. यानी अगले कुछ दिन ग्लोबल पॉलिटिक्स के हिसाब से बहुत अहम साबित होने वाले हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई महत्वपूर्ण बैठकें करने वाले हैं. ये बैठकें भारत के लिहाज से क्यों महत्वपूर्ण हैं. प्रधानमंत्री मोदी कल सबसे पहले जिस भारत-आसियान समिट में हिस्सा लेंगे, उसका महत्व भी आज आपको जानना चाहिए. भारत और आसियान वर्ष 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं. वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच राजनयिक संवाद संबंधों के 35 वर्ष पूरे होंगे.
आसियान.. 11 देशों का संगठन है. आसियान के 11 सदस्य देशों की भौगोलिक स्थिति बहुत महत्वपूर्ण है. यह पूरा क्षेत्र हिंद महासागर और प्रशांत महासागर को जोड़ने वाले बेहद अहम समुद्री रास्तों के बीच स्थित है. आसियान समूह में इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, फिलीपींस, वियतनाम, कंबोडिया, लाओस, म्यांमार, ब्रुनेई और तिमोर-लेस्ते समेत 11 देश शामिल हैं.
दक्षिण चीन सागर में चीन के समुद्री दावों से चार आसियान देश सीधे तौर पर प्रभावित हैं. फिलीपींस, वियतनाम, मलेशिया और ब्रुनेई इसके अलावा इंडोनेशिया का नातुना क्षेत्र भी चीन के समुद्री दावों से प्रभावित होता है और इसीलिए इन देशों से भारत का संबंध महत्वपूर्ण हो जाता है. हालांकि इन देशों से भारत के रणनीतिक हितों के साथ-साथ आर्थिक हित भी जुड़े हैं.
आज आपको भारत-आसियान के साझा हितों और भारत-आसियान समिट के एजेंडे को एक साथ समझना चाहिए. भारत और ASEAN के बीच 2024 में द्विपक्षीय व्यापार 107 अरब डॉलर था. भारत के वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 128 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गया है. भारत-आसियान मीटिंग में व्यापार को और बढ़ाने की नीतियों पर मंथन होगा. इसके अलावा आसियान और भारत के बीच सीमा शुल्क के नियमों को आसान बनाने पर चर्चा होगी, ताकि कारोबारियों को दोनों बाजारों तक आसानी से पहुंच मिल सके.
दक्षिण-पूर्व एशिया में चीन का आर्थिक और सामरिक प्रभाव काफी बड़ा है. भारत ASEAN देशों के साथ मजबूत संबंध बनाकर क्षेत्र में अपनी आर्थिक और रणनीतिक मौजूदगी बढ़ाना चाहता है. आसियान देशों से रक्षा संबंधों को मजबूत करने पर मंथन किया जाएगा. भारत-फिलीपींस ब्रह्मोस समझौता मजबूत होते भारत-आसियान रक्षा सहयोग का उदाहरण है.
इसी क्षेत्र में स्थित मलक्का स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक रास्तों में से एक है, जो हिंद महासागर को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ता है. भारत का अधिकतर व्यापार और ऊर्जा संसाधन इसी रास्ते से आते-जाते हैं, इसलिए यह भारत की आर्थिक सुरक्षा के लिए बेहद अहम है. इस महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा को मजबूत करने और आपसी जानकारी का आदान-प्रदान करने के लिए भारत और आसियान देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी मंथन होगा.
भारत म्यांमार और थाईलैंड के रास्ते अपने पूर्वोत्तर राज्यों को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ना चाहता है. इसके लिए भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग और कलादान मल्टीमॉडल परियोजना अहम हैं. शिखर सम्मेलन में इन परियोजनाओं के काम में तेजी लाने और आ रही बाधाओं को दूर करने पर रणनीतिक चर्चा होगी. इसके अलावा भारत और आसियान के बीच डिजिटल अर्थव्यवस्था और AI में सहयोग पर बात होगी. इस शिखर सम्मेलन में अगले 5 साल के लिए भारत और आसियान देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने का एक नया रोडमैप तैयार किया जाएगा.
इस क्षेत्र में चीन को काउंटर करने के लिए भारत, आसियान देशों से संबंध को और मजबूत कर रहा है और आसियान देशों को भी चीन के खिलाफ भारत में एक विश्वसनीय सहयोगी नजर आता है. चीन अक्सर समंदर में फिलीपींस और वियतनाम जैसे देशों से दादागीरी करता है. इस समिट में भी चीन और आसियान देशों के बीच समझौता होना था, लेकिन चीन के रुख की वजह से कोई समझौता नहीं हो पाया. इस दौरान समिट की मेजबानी कर रहे फिलीपींस ने बिना नाम लिए चीन को बड़ी नसीहत दी है.
20 साल की कोशिश के बावजूद अगर दक्षिण चीन सागर में विवादों को सुलझाने वाले नियम नहीं बन पाए हैं तो इसका मतलब यही है चीन इन विवादों को सुलझाना ही नहीं चाहता और क्षेत्र के देशों के विरोध का चीन पर कोई खास असर भी नहीं पड़ता, लेकिन कल ही मनीला में एक और समिट होने वाली है, जिससे चीन को सबसे ज्यादा फर्क पड़ता है.
ये है भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली क्वाड समिट, जिसे चीन हमेशा संदेह की नजर से देखता है. व्हाइट हाउस ने भी डोनाल्ड ट्रंप के क्वाड समिट में शामिल होने की पुष्टि कर दी है. डोनाल्ड ट्रंप का प्रोग्राम तय होने के बाद अब क्वाड समिट का समय भी जारी कर दिया गया है. मनीला में QUAD शिखर सम्मेलन भारतीय समय के मुताबिक शाम 4 बजे शुरू होगा. QUAD के चार सदस्य देशों के शीर्ष नेता बैठक में शामिल होंगे. ट्रंप मनीला आने के बाद सबसे पहले क्वाड नेताओं से मुलाकात करेंगे. क्वाड नेताओं के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत होगी. ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में क्वाड का ये पहला शिखर सम्मेलन है. ऐसा पहली बार होगा जब क्वाड शिखर सम्मेलन किसी सदस्य देश में आयोजित नहीं हो रहा है.
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में क्वाड को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ने बहुत उत्साह नहीं दिखाया जिसके बाद क्वाड के भविष्य और प्रासंगिकता को लेकर सवाल उठ रहे थे, लेकिन मनीला में होने जा रहे क्वाड शिखर सम्मेलन से कई सवालों के जवाब मिल गए हैं. आज आपको क्वाड समिट पर मनीला से हमारी ग्राउंड रिपोर्ट देखनी चाहिए. क्वाड के सदस्य देशों में शामिल भारत.. जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता मनीला पहुंच चुके हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कल मनीला पहुंचेंगे. मनीला पहुंचते ही ट्रंप सबसे पहले उन नेताओं से मुलाकात करेंगे जिन्हें एक साथ देखना चीन कभी पसंद नहीं करता. क्वाड शिखर सम्मेलन सबसे महत्वपूर्ण होने वाला है जब उनकी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा. डोनाल्ड ट्रंप चुनाव में हार के बाद अब वैश्विक कूटनीति में जीत हासिल करना चाहते हैं और यही वजह है डोनाल्ड ट्रंप के दौरे से पहले व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने QUAD के कमजोर होने की खबर का खंडन किया है.
अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारी डायलन जॉनसन ने कहा, यह बेहद हास्यास्पद और बेतुका आकलन है. विदेश मंत्री मार्को रुबियो पिछले दो वर्षों में क्वाड के चारों देशों के विदेश मंत्रियों के साथ औपचारिक रूप से पांच बार बैठक कर चुके हैं. इनमें से तीन बैठकें पिछले छह महीनों में हुई हैं. क्वाड के कमजोर होने की बात फेक न्यूज है.
व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं इस बार मनीला में क्वाड से जुड़ी कुछ बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं. दो साल बाद क्वाड समिट में डोनाल्ड ट्रंप के शामिल होने की टाइमिंग भी बहुत खास है.. क्योंकि इसका सीधा कनेक्शन चीन से है. डोनाल्ड ट्रंप चाइना भी जाएंगे.. जहां पर उनकी मुलाकात चीन और रूस के राष्ट्रपति से होगी. ये भी महत्वपूर्ण बैठक है जो इस हफ्ते होने वाली है. दो साल बाद QUAD नेताओं की पहली बैठक उस वक्त हो रही है.. जब अमेरिका में चीन की महिला जासूस का मुद्दा गरम है... ताइवान पर जिनपिंग ने नई धमकी दी है. और क्वाड की बैठक के बाद ट्रंप को सीधे चीन जाना है.
यही वजह है... QUAD समिट में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया मुख्य रूप से चार बातों पर चर्चा करने वाले हैं... जो चीन से जुड़ी हैं. क्वाड शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच... समुद्री रास्तों, ऊर्जा आपूर्ति, महत्वपूर्ण खनिजों और नई तकनीक की सुरक्षा को सुनिश्चित करने पर मंथन होगा.
क्वाड के एजेंडे में हिंद-प्रशांत और दक्षिण चीन सागर में सुरक्षित समुद्री आवागमन सुनिश्चित करना है. व्यापारिक जहाजों पर हमलों और समुद्री रास्तों में बाधाओं से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाना है. क्रिटिकल मिनरल्स पर इस समिट में सबसे अहम चर्चा होगी. चारों देश मिलकर लिथियम, कोबाल्ट जैसे रेयर अर्थ की सप्लाई चेन मजबूत करने पर मंथन करेंगे. क्वाड की योजना चीन पर निर्भरता घटाकर भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया में वैकल्पिक उत्पादन और प्रोसेसिंग बढ़ाना है.
क्वाड में शामिल देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और उभरती तकनीकों में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा करेंगे. बैठक के बाद डेटा सेंटर, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने से जुड़ी कुछ बड़ी घोषणाएं भी हो सकती हैं.
मतलब साफ है... QUAD की मनीला बैठक में सिर्फ चीन की चुनौती पर चर्चा नहीं होगी, बल्कि दुनिया की अगली आर्थिक और तकनीकी ताकत की लड़ाई का रोडमैप भी तैयार हो सकता है. यहां इस बात का रोडमैप तैयार किया जा सकता है कि आने वाले वर्षों में दुनिया के रेयर अर्थ मिनरल्स, सेमीकंडक्टर, AI और समुद्री व्यापार पर किसका कितना नियंत्रण होगा. यही वजह है... भारत के लिए QUAD सिर्फ चीन से मुकाबले का मंच नहीं है. इसके भारत को चार बड़े फायदे हो सकते हैं.
यही वजह है... मनीला में कल दिन भर होने वाली घोषणाओं और नेताओं की बॉडी लैंग्वेज पर दुनिया के साथ-साथ भारतीयों की नजर भी रहेगी.