App

कुलगाम हमला का बदला: लश्कर कमांडर लतीफ भट के करीबी का सफाया, मास्टरमाइंड की तलाश में जुटे सुरक्षाकर्मी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. यहां पर लश्कर कमांडर लतीफ भट के संदिग्ध सहयोगी को मुठभेड़ में मार गिराया गया है. सेना, सीआरपीएफ और पुलिस कुलगाम हमले के मास्टरमाइंड लतीफ भट की तलाश में जुटी है.

कुलगाम हमला का बदला: लश्कर कमांडर लतीफ भट के करीबी का सफाया, मास्टरमाइंड की तलाश में जुटे सुरक्षाकर्मी
Image Credit: आतंकी लतीफ भट का साथी एनकाउंटर में ढेर. फाइल फोटो

कश्मीर के कुलगाम में सोमवार (16 नवंबर) को आतंकियों से मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है. सुरक्षाबलों ने इस दौरान एक आतंकी को मार गिराया. सुरक्षाबलों को दूसरे आतंकवादी की तलाश है.  मारे गए आतंकवादी की आधिकारिक पहचान अभी नहीं बताई गई है. हालांकि, सूत्रों के अनुसार, वह उमर नासिर है, जो लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का साथी है.

दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के नौपोरा अखरन में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे. इस आतंकी हमले के बाद ही सुरक्षाबल आतंकियों की तलाश में जुटे थे. गत रविवार को सुरक्षाबलों को आतंकियों के मीर बाजार क्षेत्र में छिपे होने की जानकारी मिली थी. जिसके बाद पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया.

कुलगाम के एक गांव में मुठभेड़

सूत्रों की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, कुलगाम के लारू गांव में दो संदिग्धों के देखे जाने की सूचना सुरक्षाकर्मियों को मिली थी. जैसे ही सुरक्षाबल इलाके में पहुंचे आतंकियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई. जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त टीम ने इसके बाद तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें लतीफ भट का साथी मारा गया.

पुलिस ने आतंकी के शव को बरामद कर लिया है. हालांकि, उसकी आधिकारिक पहचान के लिए परिवार को बुलाया गया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि परिवार को बुलाया है और उचित पहचान के बाद ही नाम का खुलासा किया जाएगा.

लश्कर के कमांडर का साथी है मारा गया आतंकी

पुलिस सूत्रों की मानें, तो मारा गया शख्स संभवतः उमर निसार डार है. वह कुलगाम के अरह गांव का रहने वाला है, जो पिछले कुछ दिनों से लापता था. उसके घर न लौटने के कारण परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी लिखाई थी. पुलिस को पहले से आशंका थी कि वह लश्कर के कमांडर लतीफ भट के साथ जुड़ा है. मुठभेड़ के दौरान निसार डार भट के साथ वहां पर मौजूद था, लेकिन भट मौके से फरार हो गया. बता दें कि तलीफ भट 8 जुलाई से ही सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More