)
झुंझुनूं जिले के सुलताना थाना क्षेत्र के जोड़िया गांव में रात को पूर्व सरपंच एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य उम्मेद धनखड़ पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि ट्रिपल ए बाबा ग्रुप से जुड़े लोगों ने उनकी गाड़ी को कई बार टक्कर मारकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया. इस दौरान उनकी जेब से नकदी छीनने का आरोप भी है. घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर धरना शुरू कर दिया.
दुकान पर सामान खरीदते समय हुआ हमला
उम्मेद धनखड़ ने बताया कि उनके परिवार में सवामणी का कार्यक्रम है. इसी सिलसिले में वे एक दुकान पर सामान खरीदने रुके थे. तभी ट्रिपल ए बाबा ग्रुप से जुड़े कुछ लोग गाड़ी लेकर पहुंचे और उनकी गाड़ी को बार-बार टक्कर मारने लगे. धनखड़ ने गाड़ी की ओट लेकर जान बचाई. आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए. धनखड़ ने फोन पर पुलिस अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन उनका आरोप है कि करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
ग्रुप पर दहशत और वसूली के आरोप
धनखड़ ने आरोप लगाया कि कथित ट्रिपल ए बाबा ग्रुप के लोगों ने क्षेत्र में दहशत फैला रखी है. उनका कहना है कि तीन दिन पहले भी इसी ग्रुप के लोगों पर एक व्यक्ति के हाथ-पैर तोड़ने का आरोप लगा था. उन्होंने इलाके में अवैध शराब के कारोबार और लोगों से मंथली वसूली के आरोप भी लगाए.
धनखड़ के मुताबिक, ग्रुप के लोग खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही. उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में भय का माहौल है.
गिरफ्तारी की मांग पर धरने पर बैठे ग्रामीण
आक्रोशित ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए. उनका कहना है कि गिरफ्तारी होने तक धरना जारी रहेगा. सूचना मिलने पर चिड़ावा थानाधिकारी लक्ष्मीचंद पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश की. पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण मांग पर अड़े रहे. देर रात तक गांव में धरना जारी था.
हॉस्पिटल में तोड़फोड़ के पुराने मामले का जिक्र
उम्मेद धनखड़ ने बताया कि उनके हॉस्पिटल में भी पहले तोड़फोड़ हो चुकी है. इस संबंध में पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज है. उनका आरोप है कि जांच कई बार बदली गई, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई. धनखड़ ने पुलिस प्रशासन से सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग की.