)
बॉलीवुड हस्तियों को इस समय लगातार धमकियां मिल रही हैं. सोमवार (16 नवंबर) को दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे और बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकी मिली. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. बताया जाता है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए धमकी दी. धमकी के बाद पुलिस एक्शन मोड में है और मामले की जांच की जा रही है.
इस बीच गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के पोस्ट पर पलटवार करते हुए मन्ना बरम्पटों और मनदीप स्पेन ने ढिल्लों के पोस्ट को झूठा करार दिया. ऐसे में माना जा रहा है कि गैंगस्टर की दुनिया में भी 'ब्रांडिंग' की जंग शुरू हो गई. सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गैंगेस्टर खुद को ही एक दूसरे से ज्यादा ताकतवर बताने में जुटें हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर मन्ना बरम्पटों और मनदीप स्पेन ने एक पोस्ट में गोल्डी ढिल्लों की पोस्ट को झूठा करार दे दिया. इतना ही नहीं, उसको चोर तक कह डाला. Manna Brampton Mandeep Spain के एक शख्स की पोस्ट में उसने अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को लेकर धमकी देने वाले गोल्डी ढिल्लों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
पोस्ट में यहां तक दावा किया गया है कि गोल्डी ढिल्लों कोई बड़ा गैंगेस्टर नहीं है, बल्कि एक चोर और धोकेबाज है. पोस्ट में कहा गया कि गोल्डी पहले पंजाब में छोटी-मोटी चोरियां करता था. वह चिड़िया बेचने और केबल की तार चोरी करने जैसा काम किया करता था और उसके खिलाफ ऐसे ही मामलों में कई एफआईआर दर्ज हैं.
पोस्ट में यह भी कहा गया कि कनाडा में ढिल्लों पर Manna Brampton, Mandeep Spain और उनके साथियों ने कई बार हमला किया. 20 से 25 राउंड फायरिंग कर उसको सबक सिखाया. पोस्ट में दावा किया गया कि ढिल्लों पर इसी साल जनवरी में जर्मनी में हमला हुआ था. खतरनाक हथियारों की बात करने वाले ढिल्लों के पास उस वक्त केवल एक चाकू था.
इस सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया कि जर्मनी में ढिल्लों एक रेस्टोरेंट में काम करता है. वह कोई बड़ा गैंगेस्टर नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर सिर्फ लोगों के बीच डर और अपनी पहचान बनाने की कोशिश करता है. वहीं, इस पोस्ट में Mad Sandhu, शरीफ बंदा और शरीफ मरवा का जिक्र किया गया है. पोस्ट में कहा गया कि ये लोग किसी कमजोर या गरीब शख्स को निशाना नहीं बनाते हैं. असली बदमाश फोन पर धमकी देकर फिरौती मांगने की कोशिश करते हैं.
इसी पोस्ट में गोल्डी पर कई आरोप लगाए गए हैं, जिसमें कहा गया कि ढिल्लों पुलिस को मुखबिरी करके लोगों को पकड़वाता है और बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इसका श्रेय लेता है. पोस्ट में ढिल्लों को खुली चुनौती देते हुए कहा गया कि अगर वह किसी भी देश में सामने आता है, तो उससे मुकाबला करने के लिए तैयार हैं.
इस पोस्ट में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को लेकर कहा गया कि गोल्डी ढिल्लों की हैसियत इतनी नहीं कि वह अमिताभ बच्चन को नुकसान पहुंचा सके. यहां तक कि वह उनके यहां काम करने वाले किसी शख्स को नुकसान पहुंचाने की हैसियत नहीं रखता है.