)
पंचक में कोई भी शुभ-मांगलिक कार्य जैसे- शादी, गृहप्रवेश, नए काम की शुरुआत आदि नहीं किए जाते हैं, ये बात अधिकांश लोग जानते हैं. तो अब सवाल यह है कि जब सामान्य लोगों के विवाह पंचक में नहीं होते हैं तो नवंबर में तुलसी विवाह पंचक के दौरान कैसे होगा? जी हां, 17 नवंबर 2026 यानी कि आज से पंचक प्रारंभ हो गए हैं और ये 22 नवंबर 2026 तक चलेंगे. इस दौरान अक्षय नवमी, देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह जैसे बड़े पर्व पड़ रहे हैं. ऐसे में लोगों के मन में यह चिंता होना लाजिमी है कि पंचक के साए में तुलसी विवाह कैसे संपन्न कराया जाए या फिर इन्हें टाल दिया जाए?
द्रिक पंचांग के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की दोपहर 03:30 बजे से पंचक शुरू होंगे और 22 नवंबर 2026 की सुबह 05:54 बजे समाप्त होंगे. 17 नवंबर को दिन मंगलवार है, लिहाजा यह अग्नि पंचक कहलाएंगे. मंगलवार से शुरू होने वाले पंचक अग्नि पंचक होते हैं. इस दौरान 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी है और 21 नवंबर 2026 को तुलसी विवाह है.
ज्योतिषविदों का मानना है कि चूंकि देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह का दिन शुभ-मांगलिक कार्यों के लिए अबूझ मुहूर्त होता है, लिहाजा पंचक होने के बावजूद इन दोनों दिनों के पूजा-अनुष्ठानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. बिना किसी रुकावट के देवउठनी एकादशी का व्रत भी रखा जा सकेगा और तुलसी विवाह के दिन धूमधाम से भगवान शालिग्राम और तुलसी जी का विवाह भी कराया जाएगा.
चूंकि देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और चातुर्मास समाप्त होता है. साथ ही अगले दिन भगवान शालिग्राम का तुलसी से विवाह होता है. ये दोनों ही दिन सनातन धर्म में अबूझ मुहूर्त माने गए हैं, यानी कि इन दिनों में बिना मुहूर्त निकाले कोई भी शुभ-मांगलिक कार्य किया जा सकता है.
लिहाजा 20 और 21 नवंबर को सगाई, शादी, गृहप्रवेश, नए काम की शुरुआत जैसे मांगलिक कार्य पंचक होने के बाद भी किए जा सकते हैं. साथ ही 18 नवंबर को अक्षय नवमी की पूजा भी बिना किसी बाधा के की जा सकेगी. वहीं पंचक के अन्य 3 दिनों में शुभ-मांगलिक काम करने से बचना चाहिए.
धार्मिक मान्यता है कि अग्नि पंचक के दौरान कुछ कार्य नहीं करने चाहिए.
- बिजली और आग को लेकर सावधानी बरतें.
- पंचक के दौरान निर्माण कार्य की शुरुआत न करवाएं. न ही छत डलवाएं, न नई चौखट लगवाएं.
- लकड़ी और लकड़ी का कोई भी सामान जैसे फर्नीचर आदि न खरीदें.
- विवाह मुहूर्त के लिए पंचांग देखें.
- दक्षिण दिशा में यात्रा करने से बचें.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और पंचांग पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी धार्मिक अनुष्ठान या शुभ कार्य से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें.)