App

भगवान विष्‍णु नहीं उनके शालिग्राम अवतार से ही क्‍यों होता है तुलसी विवाह? इस साल क्‍या है तारीख

देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह अब करीब ही है, भक्‍तगण इसके लिए तैयारियां करने लगे हैं. लेकिन क्‍या आप जानते हैं कि भगवान विष्‍णु के अवतार शालिग्राम जी का ही तुलसी से विवाह क्‍यों होता है, स्‍वयं भगवान विष्‍णु का क्‍यों नहीं?

भगवान विष्‍णु नहीं उनके शालिग्राम अवतार से ही क्‍यों होता है तुलसी विवाह? इस साल क्‍या है तारीख
Image Credit: तुलसी विवाह की कथा. (Photo:AI)

देवउठनी एकादशी के दिन 4 महीने का चातुर्मास समाप्‍त होता है और अगले दिन तुलसी विवाह से शादियां समेत सारे मंगल कार्य प्रारंभ होते हैं. हालांकि कई लोग देवउठनी एकादशी के दिन से ही मांगलिक कार्य जैसे-शादी, सगाई, गृह प्रवेश, नए काम की शुरुआत आदि कर लेते हैं. इस साल देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह कब है, जानिए सही तारीख. साथ ही वो रोचक कहानी भी जानिए कि भगवान विष्‍णु के शालिग्राम रूप का ही विवाह तुलसी जी से क्‍यों रचाया जाता है.

तुलसी विवाह की सही तारीख

द्रिक पंचांग के अनुसार, देवउठनी एकादशी तिथि प्रारंभ: 20 नवंबर 2026 की सुबह 07:15 बजे से. 
देवउठनी एकादशी तिथि समाप्‍त : 21 नवंबर की सुबह 06:31 बजे.

उदयातिथि के आधार पर, देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को है और तुलसी विवाह अगले दिन 21 नवंबर को है.

तुलसी शालिग्राम विवाह ही क्‍यों?

भगवान विष्‍णु का शालिग्राम अवतार क्‍यों हुआ और उनका तुलसी के पौधे के साथ विवाह क्‍यों हुआ इसकी एक पौराणिक कथा है. साथ ही इस कथा में यह कारण भी बताया गया है कि स्‍वयं भगवान विष्‍णु का विवाह तुलसी से क्‍यों नहीं होता, उनके शालिग्राम अवतार का ही विवाह क्‍यों कराया जाता है?

पौराणिक कथाओं के अनुसार, प्राचीन काल में वृंदा नाम की एक राक्षस कन्या थी. जिसका विवाह समुद्र मंथन से उत्पन्न हुए जालंधर नाम के राक्षस से हुआ था. वृंदा भगवान विष्णु की परम भक्त थी और एक पतिव्रता स्त्री थी जिसके कारण उसका पति जालंधर और भी शक्तिशाली हो गया. जिसके कारण उसे देवों के देव महादेव भी जालंधर को पराजित नहीं कर पा रहे थे. जबकि जालंधर का आतंक दिनोंदिन बढ़ता जा रहा था. तब भगवान विष्णु ने जालंधर का भेष धारण किया और पतिव्रता स्त्री वृंदा की पवित्रता नष्ट कर दी.

जैसे ही वृंदा की पवित्रता खत्म हुई तो जालंधर की ताकत भी खत्म हो गई और भगवान शिव ने जालंधर को मार दिया. वृंदा को जब भगवान विष्णु की माया का पता चला तो वह बेहद नाराज हुईं और गुस्‍से में उसने भगवान विष्णु को काला पत्थर बनने श्राप दे दिया. भगवान विष्‍णु का यही स्‍वरूप शालिग्राम अवतार कहलाया.

भगवान को पत्थर का होते देख सभी देवी-देवता में हाहाकार मच गया, फिर माता लक्ष्मी ने वृंदा से प्रार्थना की. तब वृंदा ने जगत कल्याण के लिये अपना श्राप वापस ले लिया और खुद जालंधर के साथ सती हो गई. उनके सती होने के बाद उनकी राख से एक पौधा निकला जिसे भगवान विष्णु ने तुलसी नाम दिया. साथ ही कहा कि आज से तुलसी के बिना मैं प्रसाद स्वीकार नहीं करुंगा. साथ ही यह शालिग्राम पत्‍थर तुलसी जी के साथ ही पूजा जायेगा. तभी से कार्तिक महीने में तुलसी जी का शालिग्राम के साथ विवाह भी किया जाता है.

तुलसी विवाह का महत्‍व

तुलसी विवाह का हिंदू धर्म में बहुत महत्‍व है. कार्तिक शुक्‍ल द्वादशी तिथि के दिन घर-घर में तुलसी विवाह कराया जाता है. मान्‍यता है कि इससे कन्‍यादान करने जितना पुण्‍य मिलता है. साथ ही इस व्रत के शुभ प्रभाव से शादी में आ रही सारी रुकावटें दूर होने लगती हैं और विवाह का योग जल्दी ही बन जाता है.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और पंचांग की गणनाओं पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More