App

डिजिटल हुई जनगणना: यूपी में सीएम योगी ने की 'स्व-गणना' की शुरुआत, अब घर बैठे भरें परिवार और आवास का विवरण

यूपी के सीएम योगी ने लखनऊ के लोकभवन सभागार में जनगणना के दूसरे चरण के तहत 'स्व-गणना' और 'घर-घर जनगणना' प्रक्रिया का शुभारंभ कर दिया है. अब घर बैठे ऑनलाइन अपने परिवार और आवास का विवरण दर्ज किया जा सकता है.

डिजिटल हुई जनगणना: यूपी में सीएम योगी ने की 'स्व-गणना' की शुरुआत, अब घर बैठे भरें परिवार और आवास का विवरण

उत्तर प्रदेश में आज से एक नए डिजिटल युग की शुरुआत हो गई है. यहां 'स्व-गणना'और 'घर-घर जनगणना' प्रक्रिया का आगाज हो गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के लोकभवन सभागार से जनगणना के दूसरे चरण के तहत इसक शुभारंभ किया. देश की इस पहली डिजिटल जनगणना का यह फेज 30 नवंबर तक चलेगा.

अब आम जनता आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर जाकर घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार और आवास से जुड़ा विवरण खुद दर्ज कर सकती है.

घर बैठे देने होंगे 40 सवालों के जवाब
देश के पहले डिजिटल जनगणना अभियान के तहत तकनीक को आम जनता की सुविधा से जोड़ा गया है. 'स्व-गणना' की प्रक्रिया के दौरान नागरिकों को पोर्टल पर लगभग 40 सवालों के जवाब ऑनलाइन भरने होंगे. इससे न सिर्फ डेटा संग्रह में पारदर्शिता आएगी, बल्कि समय की भी बचत होगी. लोकभवन में आयोजित इस शुभारंभ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

'हर नागरिक की सहभागिता सामूहिक दायित्व'
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनगणना को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया. उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है. सटीक आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं की सही रूपरेखा तय करते हैं.

इनके जीवन में आया बड़ा बदलाव
अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने समाज के सबसे पिछड़े और वंचित वर्गों के उत्थान को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे वनटांगिया समुदाय की 54 बस्तियों के हजारों परिवार आज बुनियादी सुविधाओं से लाभान्वित हो रहे हैं. उन्हें नागरिकता का अधिकार मिला है और 'योगी की पाती' में भी मैंने उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को स्थान दिया है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी प्रकार, मुसहर समुदाय के लोगों को भी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से पूरी तरह आच्छादित करने का कार्य किया गया है. उन्हें भूमि के पट्टे और आवास उपलब्ध कराए गए हैं.

'योगी की पाती' जनता से आत्मीय संवाद का माध्यम
मुख्यमंत्री ने 'योगी की पाती' का जिक्र करते हुए इसे अपने लिए संवेदना का विषय बताया. उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किस प्रकार पहुंचाया जा सकता है. इन सभी प्रयासों और उपलब्धियों को 'योगी की पाती' के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया गया है. यह जनता के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'योगी की पाती' मेरे लिए संवेदना का विषय है. यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक संवाद का माध्यम भी है. पाती में युवा, छात्र, नारी सम्मान, अन्नदाता किसान और श्रमिकों सहित समाज के हर उस वर्ग के सरोकारों को स्थान देने का प्रयास किया गया है, जो किसी न किसी रूप में हमारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है. पाती के माध्यम से विरासत और विकास के उस अभिनव समन्वय को भी आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है, जो हमारी वास्तविक शक्ति है.

उन्होंने यह भी कहा कि समाज में जो व्यक्ति अपनी आवाज नहीं उठा सकता, उसे भी सम्मानजनक जीवन जीने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का समान अधिकार मिलना चाहिए. कोल जाति के उत्थान के प्रयास इसी संकल्प को दर्शाते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More