)
Punjab News: पंजाब के पठानकोट से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां पर पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर बदमाशों ने गनप्वाइंट की दम पर सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 लूट ली. घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पुलिस की टीमें संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर चेकिंग कर रही हैं, जिससे बदमाशों को पकड़ा जा सके.
दरअसल, पूरी घटना पठानकोट के डाउनटाउन इलाके की है, जहां पर अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, घटना को अंजाम देने के बाद वह किस ओर भागे इसको लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है, लेकिन ने सभी संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर ली गई है और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, लूटी गई कार का नंबर Mahindra XUV500, W10 है, जिसका पंजीकरण नंबर PB35AA-9902 है. इस घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची सभी थानों पर अलर्ट जारी कर दिया गया. पठानकोट से कठुआ की तरफ जाने वाले रास्तों पर सतर्कता बढ़ाई जा रही है और वाहन की तलाश की जा रही है.
खबर लिखे जाने तक हथियारबंद लोगों की पहचान और वारदात के पीछे के मकसद का पता नहीं चल सका है. पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है. पूरे प्रकरण में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस अलर्ट मोड पर है. दोनों राज्यों में इंटर स्टेट सीमा और नेशनल हाईवे पर नाकेबंदी बढ़ा दी गई है.
सुरक्षा एजेंसियों को इस बात का अंदेशा है कि लूटी गई इस कार का इस्तेमाल किसी आतंकी घटना के लिए किया जा सकता है. पुलिस ने कहा कि वाहन को लूटने के बाद बदमाश फरार हो गए. चालक को किडनैप नहीं किया गया है. हालांकि, बदमाश कार को लेकर किस ओर भागे हैं, इस बारे में जानकारी सामने नहीं आ सकी है.