App

चीन की हर हरकत पर नजर, पलटवार के लिए वायुसेना के सारे प्लान तैयार; IAF चीफ ने बताई पूरी ABCD

चीन की आक्रामकता, तेजस मार्क 1A से लेकर आत्मनिर्भर भारत को लेकर वायुसेना चीफ आशुतोष दीक्षित ने अपनी राय रखी है. उन्होंने कहा कि चीन से निपटने के लिए भारत के पास सभी योजनाएं तैयार हैं.

चीन की हर हरकत पर नजर, पलटवार के लिए वायुसेना के सारे प्लान तैयार; IAF चीफ ने बताई पूरी ABCD
Image Credit: आईएएफ चीफ ने कहा कि अब विदेशी ताकतों पर निर्भर नहीं रह सकते.

एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को कहा कि भारत की चीन पर कड़ी नजर है और किसी भी आक्रामकता को रोकने के लिए उसके पास सभी योजनाएं तैयार हैं. दिल्ली में 'ANI नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0' के दौरान एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने नई टेक्नोलॉजी को शामिल किया है.

चीन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा,'हम बहुत करीब से नजर रख रहे हैं और अपने विरोधियों की हर गतिविधि पर नजर रखते हैं. शांति के समय हमारा यही काम है, अपनी प्रक्रियाओं और क्षमताओं को उसी के मुताबिक ढालना. किसी भी विमान या क्षमता का इस्तेमाल तीन-चार बातों पर निर्भर करता है-क्या उनका क्रू ट्रेंड है? क्या वे 'नेटवर्क-सेंट्रिक वॉरफेयर' का हिस्सा हैं? और वे किस ऊंचाई पर हैं, जिससे हम पर असर पड़ सकता है? लिहाजा, हम ओके सिचुएशन में हैं.'

'हर तरह की योजनाएं तैयार हैं'

एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने आगे कहा,'इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए, हमारी योजनाएं पूरी तरह तैयार हैं. हम नई तकनीकें शामिल कर रहे हैं. हम ऐसी स्थिति में हैं, जहां हम किसी भी आक्रामकता को रोकने के काबिल हैं. हम एक ऐसी स्थिति में हैं जिसे 'न शांति, न युद्ध' कहा जा सकता है, और यहां से हम जरूरत पड़ने पर आक्रामक या रक्षात्मक रुख अपना सकते हैं.'

भारत का हमेशा से यह मानना ​​रहा है कि भारत-चीन संबंधों को सामान्य बनाने के लिए सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता का होना जरूरी है. पिछले महीने, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जोर देकर कहा था कि सीमा पर किसी भी तरह की गड़बड़ी के गंभीर परिणाम होंगे. दिल्ली में 'ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम' के एडिटर-इन-चीफ जॉन मिकलथवेट के साथ बातचीत के दौरान, जयशंकर ने कहा कि भारत और चीन के बीच कोई तय सीमा नहीं है और यह मुद्दा दशकों से चला आ रहा है. उन्होंने कहा था, 'भारत और चीन के बीच कोई तय सीमा नहीं है. यह कोई नया मुद्दा नहीं है. यह कई दशकों से चला आ रहा है. 1975 से 2020 तक, यानी पूरे 45 सालों तक, उस सीमा पर किसी की जान नहीं गई. आखिरी बार 1975 में लोगों की जान गई थी. इस दौरान, भारत-चीन संबंध आगे बढ़े.

'विदेशी ताकतों पर निर्भर नहीं रह सकते'

IAF चीफ ने आगे आत्मनिर्भर भारत पर भी बात कही. उन्होंने कहा कि सच्ची 'आत्मनिर्भरता' का संबंध केवल औद्योगिक उत्पादन से नहीं, बल्कि सीधे तौर पर जंग के लिए तैयार रहने से है. उन्होंने साफ किया कि फ्यूचर के किसी भी संघर्ष में, भारत सोर्स कोड, स्पेयर पार्ट्स, गोला-बारूद या इंजन के लिए विदेशी ताकतों पर निर्भर नहीं रह सकता. उन्होंने चेतावनी दी कि जंग के लिए तैयारियों को तीन अहम पैमानों पर आंका जाएगा- लंबे समय तक अभियान जारी रखने की क्षमता, लंबी जंग के लिए उत्पादन तेजी से बढ़ाने की क्षमता, और युद्ध के मैदान में खुद को तुरंत ढालने की क्षमता.

ऑपरेशन सिंदूर का दिया उदाहरण

एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने कहा, 'भारतीय वायु सेना के लिए नेटवर्क सेंट्रिक वॉरफेयर पर निर्भर है, जो सबसे पहले प्रतिक्रिया देती है और वायु शक्ति के जरिए रणनीतिक प्रभाव पैदा करती है, उसके लिए आत्मनिर्भरता केवल एक इंडस्ट्रियल टारगेट नहीं है, बल्कि यह एक ऑपरेशनल जरूरत है. उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का उदाहरण देते हुए बताया कि तीनों सेनाओं के बीच बेहतरीन तालमेल और स्वदेशी हथियारों से क्या कुछ हासिल किया जा सकता है.

उन्होंने कहा,'ऑपरेशन सिंदूर ने दिखाया कि इंटीग्रेटेड मिशन से क्या हासिल किया जा सकता है. हमारे IACCS (इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम) और सेना के 'आकाशतीर' ने मिलकर एक शेयर्ड 'एयर पिक्चर'तैयार की. आकाश और ब्रह्मोस जैसी भारतीय प्रणालियों ने बहुत शानदार परफॉर्म किया. यह सब किसी और की क्षमता पर निर्भर रहकर हासिल नहीं किया जा सकता.

कब मिलेगा तेजस मार्क 1A?

एलसीए तेजस मार्क 1ए भारतीय वायुसेना में कब शामिल होगा? इसके जवाब में IAF चीफ ने कहा कि इस वित्त वर्ष के भीतर लड़ाकू विमान का एक स्क्वाड्रन शामिल हो जाएगा. उन्होंने यह भी बताया कि अगली पीढ़ी के LCA मार्क 2 और एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) पर भी काम चल रहा है. एयर चीफ मार्शल ने स्वदेशी लड़ाकू विमानों के विकास और देश में ऐसे विमानों को डिजाइन, तैयार, उनका टेस्ट करने और उन्हें बनाने में आने वाली चुनौतियों के बारे में बात की. उन्होंने कहा, 'पूरी तरह से डिजाइन, विकसित, टेस्ट और मैन्युफैक्चर लड़ाकू विमान के मामले में स्वदेशी क्षमता तैयार करना एक बड़ी चुनौती है, और मुझे लगता है कि दुनिया के बहुत कम देश ही ऐसा कर पाए हैं.'
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More