)
फिल्मों में हीरो का किरदार कितना भी दमदार और बड़ा क्यों न हो, लेकिन उसकी कहानी को यादगार एक विलेन ही बना पाता है. साल 1931 में भारतीय सिनेमा की शुरुआत हुई थी. जिस तरह एक फिल्म के लिए हीरो-हीरोइन महत्वपूर्ण होते हैं, उसी तरह खलनायक भी फिल्मों के लिए काफी अहम होते हैं. 100 साल पहले करीब हीरालाल ठाकुर ने पर्दे पर खलनायक बनने की परंपरा शुरू की थी. जिस दौर में हर किसी को हीरो बनना था, उस वक्त हीरालाल खलनायक बनकर सिनेमा पर आए. फिल्मों में अपनी खलनायिकी से उन्होंने सफलता हासिल की. हीरालाल के बाद सिनेमा को एक से बढ़कर एक खलनायक मिले और फिल्मों में खलनायक अहम हिस्सा बन गए.
लेकिन बदलते दौर के साथ फिल्मों में खलनायकों की परिभाषा भी बदलती चली गई. पहले के दौर से अब तक के वक्त में खलनायक बहुत अलग हो गए हैं. कभी खलनायक जमींदार तो कभी रसूखदार जैसे किरदारों में नजर आए. पहले के दौर में खलनायक गरीबों पर जुल्म ढहाने का काम करते थे और अब खलनायक हाथों में बंदूक लिए खून-खराबा करने के लिए जाने जाते हैं. आइए, 100 सालों में खलनायक कितना बदल गए, इस पर नजर डालते हैं-
बॉलीवुड के पहले विलेन की बात करें तो इसका सिलसिला साइलेंट फिल्मों में अपना करियर शुरू करने वाले एक्टर हीरालाल से हुआ था. उस दौर में फिल्मों में उनकी खलनायिकी को इतना पसंद किया गया था कि उन्हें 'इंडियन सिनेमा का बैड मैन' तक कहा जाने लगा था.

एक के बाद एक सिनेमा में कई खलनायक आए. 50 के दशक में खलनायक हाथ में बंदूक लिए नजर नहीं आते थे, बल्कि उस वक्त पैसा और पावर ही खलनायकों का हथियार हुआ करता था. साल 1953 में आई फिल्म 'दो बीघा जमीन' इसका काफी अच्छा उदाहरण है. इस फिल्म में खलनायक कोई गुंडा या डाकू नहीं, बल्कि एक जमींदार हुआ करता था. वो जमींदार जो दो बीघा जमीन के लिए किसान पर जुल्म ढहाता था.
यह भी पढ़ें-
60 के दशक में भी खलनायक का अंदाज बदल गया. रंगीन फिल्मों के आने से खलनायक भी हैंडसम हो गए. इस दौर में प्राण, अजीत और जीवन जैसे कई खलनायक पर्दे पर नजर आए. ये खलनायक जबरदस्त सूट-बूट पहने, पढ़े-लिखे और स्टाइल मारते हुए नजर आते थे. फिल्मों में इन खलनायकों का रुतबा किसी हीरो से कम नहीं होता था.

70 का दशक आते-आते खलनायक ही स्टार बन गए. फिल्मों में खलनायक करप्ट अधिकारी, शोषण करने वाले, सत्ताधारी और बेरहम मिल मालिक बन गए. इस दौर में कुछ खलनायकों ने रातोंरात शानदार पहचान बना ली. इसमें फिल्म 'जंजीर' के अजीत कूल और 'शोले' के गब्बर जैसे किरदार शामिल हैं. अजीत कूल का फेमस डायलॉग 'मोना डार्लिंग', जो आज भी हिट है, और 'शोले' के गब्बर का फेमस डायलॉग 'कितने आदमी थे' आज भी याद किया जाता है. इन खलनायकों को इतनी पॉपुलैरिटी मिली कि वे स्टार बन गए.
80 के दशक में भी खलनायकों का अंदाज बदला. इस दौर में फिल्मों में खलनायक राजनीति से निकल रहे थे और कुछ अंडरवर्ल्ड डॉन थे. इस दौर में खलनायक बनकर रामा शेट्टी, सदाशिव अमरापुरकर, अमरीश पुरी और ओम पुरी जैसे सितारों ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई.
जैसे-जैसे 90 का दशक आया, इस दौर में न केवल खलनायक बदले, बल्कि उनकी परिभाषा भी बदल गई. पहले के दौर में हीरो अलग और खलनायक अलग नजर आते थे. लेकिन 90 के दशक में हीरो ही खलनायक बन गए. अब खलनायक लोगों के दिलों में नफरत नहीं, बल्कि सहानुभूति बटोरने लगे. आपने फिल्म 'बाजीगर' और 'डर' तो देखी ही होगी. 'बाजीगर' फिल्म में शाहरुख खान एंटी-हीरो के किरदार में नजर आते हैं. उन्होंने पिता की मौत का बदला लेने के लिए कई लोगों की हत्या भी की. वहीं, अगर फिल्म 'डर' की बात करें तो इसमें शाहरुख खान एक साइको बने, जो अपने प्यार के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार होते हैं.

वहीं, 2000 के दशक में खलनायिकी फिल्मों से गायब ही हो गई. यह दौर किसी बड़ी एक्शन फिल्मों के लिए नहीं, बल्कि रोमांटिक, कॉमेडी और सामाजिक मुद्दों को दिखाने वाली फिल्मों के लिए जाना गया था. इस दौर के खलनायकों को दर्शकों ने काफी पसंद किया. 2000 में खलनायकों ने अपनी परिभाषा ही बदल दी और परिस्थिति ही खलनायक बन गई. आपने 'रंग दे बसंती', 'सितारे जमीन पर', 'बागबान' जैसी फिल्में तो देखी ही होंगी.

वहीं, अब 2010 के बाद एक बार फिर फिल्मों में खलनायक लौट रहे हैं. अब एंटी-हीरो के साथ-साथ सिनेमा को क्रूर खलनायक मिल रहे हैं, जो लोगों के दिलों पर सीधा राज करने लगे हैं. इस दौर में दर्शकों को अलग-अलग तरह की खलनायिकी देखने को मिल रही है. 'अग्निपथ' में कांचा चीना (संजय दत्त) को ही ले लीजिए. 'एनिमल' में अबरार (बॉबी देओल) और 'धुरंधर' में रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) इसके बेहतरीन उदाहरण हैं. कुल मिलाकर वक्त के साथ-साथ खलनायिकी काफी बदलती जा रही है. हर दौर में दर्शकों को अलग-अलग तरह के विलेन देखने को मिले और यह सिलसिला हर नए दौर के साथ लगातार बदलता जा रहा है.