)
बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार हमेशा कुछ नया और हटकर करने के लिए जाने जाते हैं. आज सुबह से ही उन्होंने और फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह ने सोशल मीडिया पर एक अजीब सा सस्पेंस बना रखा था. सुबह 11:07 बजे एक क्रिप्टिक मैसेज आया और फिर दोपहर 2:07 बजे का इंतजार करने को कहा गया. फैंस सुबह से ही कयास लगा रहे थे कि आखिर ऐसा क्या बड़ा होने वाला है. अब इस रहस्य से पर्दा उठ चुका है और अक्षय कुमार की नई फिल्म 'समुक' की रिलीज डेट सामने आ गई है. यह फिल्म आम एक्शन फिल्मों से बिल्कुल अलग होने वाली है.
बॉलीवुड गलियारों में आज सुबह से ही एक अलग तरह की हलचल देखने को मिली. अक्षय कुमार और जाने-माने निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने सुबह 11:07 बजे एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर करके सबको सोचने पर मजबूर कर दिया. मेकर्स ने एक शानदार मोशन पोस्टर रिलीज करते हुए अपनी नई फिल्म 'समुक' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया. यह फिल्म 28 मई 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
सनशाइन पिक्चर्स के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके जरिए अक्षय कुमार और विपुल अमृतलाल शाह पूरे 13 साल बाद एक साथ काम करने जा रहे हैं. इससे पहले भी इस जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर कई यादगार फिल्में दी हैं, इसलिए फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं, जबकि आशिन ए शाह इसके सह-निर्माता हैं. मेकर्स का मानना है कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा के दर्शकों को एक बिल्कुल नए विजुअल एक्सपीरियंस से रूबरू कराएगी.
'समुक' को लेकर अभी तक कहानी के ज्यादा पत्ते नहीं खोले गए हैं, ताकि दर्शकों के बीच सस्पेंस बना रहे. हालांकि, मोशन पोस्टर और मेकर्स की बातों से यह साफ है कि यह एक बड़े बजट की साइंस-फिक्शन फिल्म होने वाली है. इसमें जबरदस्त एक्शन के साथ-साथ मुश्किल हालात में जिंदा रहने यानी सर्वाइवल की कहानी दिखाई जाएगी. अक्षय कुमार के लिए भी यह किरदार काफी नया होने वाला है, क्योंकि यह उनकी अब तक की रूटीन एक्शन फिल्मों से काफी अलग है.
फिल्म की स्टारकास्ट को भी बहुत सोच-समझकर चुना गया है, जिसमें अलग-अलग सिनेमा से जुड़े बेहतरीन एक्टर्स को शामिल किया गया है. फिल्म में अक्षय कुमार के साथ रुक्मिणी मैत्र, विनीत कुमार सिंह, रजत कपूर, बनिता संधू और स्वानंद किरकिरे जैसे मंझे हुए कलाकार अहम रोल निभाते दिखेंगे. अभी किसी भी एक्टर के लुक या किरदार के बारे में कोई जानकारी बाहर नहीं आने दी गई है. फिलहाल फैंस के पास कैलेंडर में 28 मई 2027 की तारीख मार्क करने के अलावा इस अनोखी दुनिया की पहली झलक देखने का इंतजार है.