)
पिछले कुछ सालों में जब भी AI की बात होती थी, तो जुबान पर सबसे पहला नाम ChatGPT का ही आता था. कॉलेज के असाइनमेंट पूरे करने हों, कोडिंग करनी हो या फिर ऑफिस के ईमेल लिखने हों, हर किसी की पहली पसंद यही था. लेकिन अब भारतीय बाजार में हवा का रुख तेजी से बदलता दिख रहा है. मार्केट इंटेलिजेंस फर्म Sensor Tower की ताजा रिपोर्ट ने टेक इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है. इस रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर तिमाही के दौरान भारत में Anthropic के Claude AI के डाउनलोड्स में 15 गुना से ज्यादा की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है. दूसरी तरफ, इसी दौरान ChatGPT के नए डाउनलोड्स में 21 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है.
कमाई के मामले में Instagram और YouTube को भी पछाड़ा
Claude AI का जादू सिर्फ डाउनलोड्स तक ही सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय यूजर्स इस पर जमकर पैसा भी खर्च कर रहे हैं. Sensor Tower के डेटा के अनुसार, भारत में इन-ऐप स्पेंडिंग यानी ऐप्स के अंदर पैसा खर्च करने की रैंकिंग में Claude दो पायदान ऊपर चढ़कर सीधे तीसरे नंबर पर पहुंच गया है. हैरानी की बात यह है कि इस रेस में Claude ने Instagram और YouTube जैसे दिग्गज प्लेटफॉर्म्स को भी पीछे छोड़ दिया है.
इस लिस्ट में Google One पहले नंबर पर बना हुआ है, जबकि ChatGPT दूसरे स्थान पर है. Claude तीसरे नंबर पर कब्जा जमाए बैठा है, वहीं Instagram चौथे और YouTube पांचवें स्थान पर खिसक गया है. पिछले साल के मुकाबले भारत में Claude की इन-ऐप परचेज से होने वाली कमाई 15 गुना से भी ज्यादा बढ़ गई है.
ग्रोथ की रेस में Gemini और ChatGPT दोनों रह गए पीछे
Sensor Tower के सीनियर इनसाइट्स एनालिस्ट अबे यूसुफ का कहना है कि साल 2026 की तीसरी तिमाही में डाउनलोड्स और कमाई की ग्रोथ के मामले में Claude ने Google Gemini और ChatGPT दोनों को पीछे छोड़ दिया है. अगर अप्रैल से जून की पिछली तिमाही से तुलना करें, तो Claude की कमाई में 75 प्रतिशत का उछाल आया है. इसी अवधि में ChatGPT की कमाई 61 प्रतिशत बढ़ी, जबकि Google Gemini की कमाई में 31 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई.
हालांकि, सालाना आधार पर देखें तो ChatGPT और Gemini के लिए भी सब कुछ बुरा नहीं है. भले ही भारत में ChatGPT के डाउनलोड्स 21 प्रतिशत गिरे हों, लेकिन इसकी कमाई में 70 प्रतिशत का इजाफा हुआ है. ठीक इसी तरह Google Gemini के डाउनलोड्स भी 29 प्रतिशत कम हुए हैं, मगर इसके इन-ऐप रेवेन्यू में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है. इसका सीधा मतलब यह है कि अब लोग फ्री वर्जन से आगे बढ़कर पेड सब्सक्रिप्शन लेने में हिचकिचा नहीं रहे हैं.
ग्लोबल मार्केट में ChatGPT ने रचा इतिहास, TikTok को दी मात
अगर भारत से बाहर निकलकर पूरी दुनिया के आंकड़ों पर नजर डालें, तो वहां ChatGPT की बादशाहत अभी भी कायम है. ग्लोबल लेवल पर ChatGPT ने पहली बार शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म TikTok को पछाड़कर दुनिया का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला ऐप बनने का खिताब हासिल किया है. वहीं, ग्लोबल रैंकिंग में Claude भी दो स्थान की छलांग लगाकर आठवें नंबर पर पहुंच गया है. पिछली तिमाही के मुकाबले सबसे ज्यादा कमाई बढ़ाने वाले ऐप्स की ग्लोबल लिस्ट में ChatGPT पहले और Claude तीसरे स्थान पर रहा.
Google One की नंबर-1 पोजीशन के पीछे क्या है गणित
भारत की स्पेंडिंग लिस्ट में Google One के टॉप पर होने से एक दिलचस्प पेंच भी फंसता है. दरअसल, Google One ऐप के जरिए यूजर्स क्लाउड स्टोरेज भी खरीदते हैं और Google AI के पेड प्लान्स भी लेते हैं. चूंकि Sensor Tower ऐप के अंदर होने वाले कुल खर्च को ट्रैक करता है, इसलिए यह अलग कर पाना थोड़ा मुश्किल है कि Google की कुल कमाई में से कितना हिस्सा AI सब्सक्रिप्शन से आया है और कितना स्टोरेज खरीदने से.
इसके अलावा यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि ये सभी आंकड़े सिर्फ Apple App Store और Google Play Store के जरिए किए गए पेमेंट्स पर आधारित हैं. जो लोग सीधे वेबसाइट पर जाकर लैपटॉप या डेस्कटॉप से सब्सक्रिप्शन खरीदते हैं, उनका डेटा इस रिपोर्ट में शामिल नहीं है.